
जयपुर | शाबाश इंडिया।
दिगम्बर जैन महासमिति राजस्थान अंचल की ओर से रविवार, 11 अक्टूबर को महावीर साधना केंद्र, महावीर नगर में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। दो सत्रों में होने वाले इस समारोह में धार्मिक शिक्षण शिविर में सेवाएं देने वाले शिक्षकों, दशलक्षण पर्व के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा झांकी आयोजनों के कर्ताओं के साथ जयपुर नगर निगम के नव निर्वाचित जैन पार्षदों का भी अभिनंदन एवं सम्मान किया जाएगा।
समारोह के मुख्य समन्वयक राजेश बड़जात्या एवं संयोजक तथा शाबाश इंडिया के संपादक राकेश गोडिका ने नव निर्वाचित पार्षद एवं नगर निगम जयपुर के पूर्व उप महापौर पुनीत कर्णावत तथा पार्षद नवीन भंडारी को कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया। इस अवसर पर अजमेर नगर निगम के पूर्व उप महापौर नीरज जैन भी उपस्थित रहे।
महासमिति के महामंत्री महावीर बाकलीवाल ने बताया कि दोपहर 2 बजे से समारोह का प्रथम सत्र शुरू होगा। इसमें मई माह में आयोजित धार्मिक शिक्षण शिविर में अपनी सेवाएं देने वाले शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा। अंचल अध्यक्ष अनिल जैन ने बताया कि सायंकालीन भोजन के पश्चात शाम 6:30 बजे से द्वितीय सत्र आयोजित होगा।
द्वितीय सत्र में दशलक्षण पर्व के दौरान विभिन्न जैन मंदिरों में आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजकों तथा भव्य झांकियों का आयोजन करने वाले श्रद्धालुओं का सम्मान किया जाएगा। मुख्य समन्वयक राजेश बड़जात्या एवं संयोजक राकेश गोडिका ने बताया कि कार्यक्रम में जयपुर नगर निगम के नव निर्वाचित जैन पार्षदों का भी अभिनंदन एवं सम्मान किया जाएगा।


