
जयपुर | शाबाश इंडिया।
शिक्षाविद्, लेखिका, मेंटर एवं MindSpark International की फाउंडर एवं डायरेक्टर डॉ. सोनाली एन. ठोलिया की पुस्तक “Walk In Prepared, Walk Out Selected: The Complete Soft Skills Playbook for Students” का विमोचन राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया। उन्होंने पुस्तक को आज की युवा पीढ़ी की जरूरतों के अनुरूप उपयोगी एवं व्यावहारिक पहल बताया।
विमोचन कार्यक्रम में फेडरेशन की पारिवारिक समस्या निवारण समिति की राष्ट्रीय चेयरमैन श्रीमती शशि सेन जैन, समाज श्रेष्ठी महेश काला, रमेश ठोलिया, मिथिलेश गोधा तथा इंटरनेशनल टेक्सटाइल कोच अक्षय ठोलिया सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
डॉ. सोनाली एन. ठोलिया ने बताया कि पुस्तक उनके 25 से अधिक वर्षों के शिक्षण, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन के अनुभव का सार है। इसका उद्देश्य युवाओं को केवल अकादमिक ज्ञान तक सीमित न रखते हुए कम्युनिकेशन, आत्मविश्वास, रिज्यूमे निर्माण, ग्रुप डिस्कशन, इंटरव्यू तथा कार्यस्थल के लिए जरूरी सॉफ्ट स्किल्स से सशक्त बनाना है।
उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है। युवाओं के लिए स्वयं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना, आत्मविश्वास के साथ संवाद करना और उपलब्ध करियर अवसरों के लिए बेहतर तैयारी करना भी जरूरी है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए पुस्तक में व्यावहारिक गतिविधियों, अभ्यासों और चरणबद्ध तरीकों को शामिल किया गया है, ताकि विद्यार्थी केवल पढ़ें नहीं, बल्कि इन कौशलों का अभ्यास भी कर सकें।
पुस्तक में कॉलेज से करियर तक की यात्रा को अधिक आत्मविश्वासपूर्ण और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। इसमें विद्यार्थियों को अपनी पहचान और व्यक्तित्व को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने, रिज्यूमे तैयार करने, समूह चर्चा में प्रभावी भागीदारी निभाने, इंटरव्यू की तैयारी करने तथा पेशेवर जीवन के लिए आवश्यक व्यवहारिक कौशल विकसित करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया है।
डॉ. सोनाली एन. ठोलिया ने कहा कि उनका प्रयास है कि यह पुस्तक विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों, प्रशिक्षकों एवं शैक्षणिक संस्थानों के लिए भी उपयोगी संसाधन बने। इसके माध्यम से युवा शिक्षा से रोजगार और रोजगार से पेशेवर विकास की दिशा में अधिक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।


