
63 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक लिया भाग, भारतीय ज्ञान परंपरा और संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर
ब्यावर (शाबाश इंडिया)। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भारत बौद्धिक परीक्षा-2026 का आयोजन किया गया। परीक्षा में महाविद्यालय की 63 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
परीक्षा का उद्देश्य छात्राओं में भारतीय ज्ञान एवं परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ राष्ट्रीय विषयों में रुचि और सांस्कृतिक चेतना विकसित करना रहा। इसके माध्यम से छात्राओं को अपनी बौद्धिक प्रतिभा एवं ज्ञान का प्रदर्शन करने का अवसर मिला।
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों का संरक्षण और नई पीढ़ी तक उनका प्रसार समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। भारत बौद्धिक परीक्षा जैसे आयोजन विद्यार्थियों की ज्ञान क्षमता, तार्किक सोच एवं बौद्धिक कौशल विकसित करने के साथ उन्हें देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.सी. लोढ़ा ने कहा कि भारत बौद्धिक परीक्षा छात्राओं की ज्ञान क्षमता, तार्किक चिंतन तथा भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति समझ विकसित करने का राष्ट्रीय मंच है। इस प्रकार की परीक्षाओं में सहभागिता से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ बौद्धिक विकास को भी प्रोत्साहन मिलता है।
परीक्षा में पर्यवेक्षक की भूमिका सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय, ब्यावर के पूर्व प्राचार्य डॉ. लालचंद हेड़ा ने निभाई।


