
जयपुर | शाबाश इंडिया।
श्री दिगम्बर जैन भव्योदय अतिशय क्षेत्र, रैवासा का वार्षिक मेला रविवार, 11 अक्टूबर को विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ श्रद्धा एवं भक्तिभाव से मनाया जाएगा। मेले में देशभर से दिगम्बर जैन धर्मानुरागी शामिल होंगे और अतिशयकारी सुमतिनाथ भगवान के दर्शन-पूजन कर पुण्यार्जन करेंगे।
प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य एवं शिरोमणि संरक्षक जय कुमार जैन बड़जात्या ने बताया कि वार्षिक मेले में पूरे भारतवर्ष से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। दांता, फतेहपुर, राणोली, खूड, लोसल, धोद, कोछोर, कुली, खाचरियावास, बात, रेनवाल, मूंडवाड़ा, कुचामन, मारोठ, दूजोद, दूधवा सहित अनेक स्थानों से पदयात्री रैवासा पहुंचेंगे।
शिरोमणि संरक्षक उत्तम कुमार पांड्या-खोरा वाले ने बताया कि वात्सल्य वारिधि आचार्य श्री 108 वर्धमान सागर महाराज एवं पूज्य निर्यापक मुनि पुंगव श्री 108 सुधासागर महाराज के मंगल आशीर्वाद से आयोजित मेले में श्री दिगम्बर जैन श्रमण संस्कृति संस्थान, सांगानेर के प्राचार्य डॉ. सतीश कुमार जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य संजय छाबड़ा ने बताया कि मेले के अवसर पर सकल दिगम्बर जैन समाज फतेहपुर की ओर से श्री सुमतिनाथ विधान मंडल पूजन कराया जाएगा। विधानाचार्य पं. आशीष जैन शास्त्री के निर्देशन में होने वाले विधान में संगीतकार प्रज्ञा जैन एंड पार्टी की मधुर प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को भक्तिभाव से जोड़ेंगी।
वार्षिक मेले के पावन अवसर पर मंदिर में श्रीजी का अभिषेक, वृहद शांति धारा, ध्वजारोहण, पदयात्रियों एवं अतिथियों का सम्मान, दीप प्रज्ज्वलन, चित्र अनावरण, प्रवचन, कलशाभिषेक एवं आरती सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। इसके बाद भगवान की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी।
जय कुमार जैन बड़जात्या ने बताया कि पूज्य मुनि पुंगव सुधासागर महाराज का रैवासा अतिशय क्षेत्र को विशेष आशीर्वाद प्राप्त है। उनके मंगल आशीर्वाद से मंदिर एवं नसियां का कायाकल्प हुआ है तथा जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण के कार्य निरंतर जारी हैं।
उन्होंने समस्त जैन समाज से वार्षिक मेले में सहभागिता कर धार्मिक आयोजनों का लाभ लेने एवं पुण्यार्जन करने का आह्वान किया।


