
जयपुर | शाबाश इंडिया।
श्री दिगम्बर जैन युवा महासभा एवं परिष्कार कॉलेज ऑफ ग्लोबल एक्सीलेंस के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को मानसरोवर स्थित परिष्कार कॉलेज, शिप्रा पथ पर भव्य रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा।
शिविर में राजकीय जयपुरिया अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम द्वारा रक्त संग्रहण किया जाएगा। इसके साथ ही आमजन को विभिन्न प्रकार की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
आयोजन के दौरान दांतों एवं आंखों की निःशुल्क जांच के साथ ईएनटी (कान, नाक एवं गला) विशेषज्ञ द्वारा जांच एवं परामर्श दिया जाएगा। इसके अलावा ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें भी निःशुल्क की जाएंगी।
श्री दिगम्बर जैन युवा महासभा के अध्यक्ष जिनेश कुमार जैन एवं महामंत्री गौरव जैन ने बताया कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की।
महासभा की महिला अध्यक्ष मोनिका जैन एवं महिला महामंत्री श्वेता सेठी ने महिलाओं और युवाओं से भी मानव सेवा के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंदों तक रक्त पहुंचाना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है।
शिविर के संरक्षक लोकेंद्र जैन एवं राजकुमार छाबड़ा तथा मुख्य संयोजक अरुण कोडीवाल ने बताया कि आयोजन की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। रक्तदान के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर प्राथमिक स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराना है।
शिविर के संयोजक मुकेश पोद्दार, शरद जैन, ताराचंद जैन, महावीर बड़जात्या, नरेंद्र बोहरा, अनिल चांदवाड़, दिलीप जैन, पन्नालाल चांदवाड़, सुरेंद्र काला, अशोक जैन एवं मनीष सोगानी ने आमजन से परिवार और मित्रों सहित शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने तथा स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाने की अपील की।
आयोजकों ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना और मानव सेवा, सामाजिक सरोकार एवं जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है।


