Saturday, October 3, 2026

रक्तदाता प्रेरक सम्मान समारोह में रक्तदान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान, 17 अक्टूबर तक जरूरतमंदों को बिना रिप्लेसमेंट मिलेगा रक्त

जयपुर | शाबाश इंडिया।

स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक एवं रक्तदान परिसंघ की ओर से राष्ट्रीय रक्तदान दिवस के अवसर पर गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026 को रक्तदाता प्रेरक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में निरंतर रक्तदान शिविर आयोजित कर स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने वाली संस्थाओं एवं रक्तदाताओं का सम्मान किया गया। इस दौरान स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक की ओर से 17 अक्टूबर 2026 तक जरूरतमंद मरीजों को बिना रिप्लेसमेंट रक्त उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।

समारोह में स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक के चेयरमैन डॉ. एस.एस. अग्रवाल का प्रदेश में स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन बनाने में योगदान के लिए विभिन्न संस्थाओं की ओर से 51 किलो फूलों की माला पहनाकर नागरिक अभिनंदन किया गया। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि रक्तदाताओं को दिया जाने वाला सम्मान उनके योगदान के प्रति सामाजिक कृतज्ञता का प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि पूरणमल फूलादेवी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा लोक सेवा एवं लोक शिक्षण के उद्देश्य से संचालित स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक की स्थापना वर्ष 1995 में की गई थी। उस समय राजस्थान के निजी क्षेत्र में रक्त की उपलब्धता सीमित होने के कारण कई बार मरीजों की सर्जरी प्रभावित होती थी। प्रारंभ में 21 चिकित्सकों ने रक्तदान कर ब्लड बैंक की नींव रखी थी।

डॉ. अग्रवाल के अनुसार स्थापना के बाद से स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक ने राजस्थान में स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को मजबूत करने में भूमिका निभाई है। अब तक जयपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में 12 लाख से अधिक यूनिट रक्त वितरित किया जा चुका है, जबकि 5 हजार से अधिक रक्तदान शिविरों के माध्यम से करीब 4 लाख यूनिट रक्त एकत्र किया गया है। लगभग 4.5 लाख लोग ब्लड बैंक पहुंचकर रक्तदान कर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि राजस्थान में स्वैच्छिक रक्तदान का प्रतिशत वर्ष 1995-96 में करीब 5 प्रतिशत से बढ़कर अब लगभग 85 प्रतिशत हो गया है। स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक को रीजनल ब्लड बैंक का दर्जा भी प्राप्त है। रक्तदाताओं को ऑनलाइन प्रमाण-पत्र एवं रक्त जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के साथ घर बैठे रक्त संग्रहण के लिए वातानुकूलित रक्त संग्रहण वाहन की सुविधा भी दी जा रही है।

डॉ. अग्रवाल ने रक्तदान शिविरों को स्कूल-कॉलेजों, महिला महाविद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, राष्ट्रीय पर्वों, महापुरुषों की जयंती एवं श्रद्धा दिवस जैसे अवसरों से जोड़ने तथा ‘स्वस्थ माताएं, स्वस्थ राष्ट्र’ अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

समारोह में जयपुर के नवनिर्वाचित महापौर सुनील कोठारी का भी नागरिक अभिनंदन किया गया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से जयपुर को ‘म्हारा जयपुर, प्यारा जयपुर और सबसे न्यारा जयपुर’ बनाने की दिशा में कार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने इस प्रयास में जयपुरवासियों से सहयोग की अपील की।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, विधायक गोपाल शर्मा, के.एल. जैन, एस.एस. भंडारी, ओ.पी. अग्रवाल, डॉ. अनुराग अग्रवाल, ध्रुवदास अग्रवाल, गोपाल गुप्ता, जसवीर सिंह, डॉ. वीरेंद्र सिंह, पार्षद सुभाष सिंघी, अजयपाल सिंह, शैलेन्द्र भार्गव, नीरज गर्ग, पूर्व महापौर निर्मल नाहटा, पूर्व उप महापौर पुनीत कर्नावट एवं पंकज जोशी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

समारोह में स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने वाले विभिन्न संस्थाओं एवं प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया। इनमें विनीत फाउंडेशन से दौलत सैनी, राजेश गोयल एवं ध्यान सिंह गोठवाल, सोशल हेल्थ एवं वेलफेयर सोसायटी से डॉ. मनीष गोयल, आईआईएस डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी से डॉ. राखी गुप्ता एवं डॉ. शरद राठौड़, गजेन्द्र सेवा समिति से अजेंद्र सिंह एवं गजेन्द्र शर्मा तथा हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड से डॉ. दिव्येश चौहान शामिल रहे।

इसी क्रम में ज्योत्सना नवलखा, कमल जैन कंदोई, मधुरिमा शर्मा, अमरापुर सेवा समिति से कुमार चंदानी, आनंद शर्मा चैरिटेबल ट्रस्ट से राहुल शर्मा, रोटरी क्लब जयपुर मिडटाउन से पी.सी. मोदी एवं आर.के. शर्मा, बियानी गर्ल्स कॉलेज से संजय बियानी, श्रीमती शशि खंडेलवाल मेमोरियल ट्रस्ट से शरद खंडेलवाल एवं ज्योति खंडेलवाल, द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया जयपुर शाखा से कमल जैन तथा सोशल एंड ब्लड एड सोसायटी से राकेश गोदिका को भी रक्तदान शिविर आयोजित कराने और लोगों को प्रेरित करने के लिए सम्मानित किया गया।

आनंद अग्रवाल

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar