Tuesday, September 29, 2026

खेल, ठहाके और अपनापन… रोटरी मेवाड़ की शाम बनी यादों का खूबसूरत गुलदस्ता

उदयपुर | शाबाश इंडिया।

रविवार की शाम रोटरी क्लब उदयपुर मेवाड़ के सदस्यों और उनके परिवारों के लिए रोजमर्रा की व्यस्तताओं से दूर कुछ पल खुलकर जीने, हंसने और साथ यादें संजोने के नाम रही। सुखेर रोड स्थित विक्टोरिया मेंशन में आयोजित फैमिली गेट-टुगेदर में मस्ती, मनोरंजन और पारिवारिक आत्मीयता का ऐसा रंग जमा कि बच्चे हों या बड़े, हर कोई उत्साह से सराबोर नजर आया।

शाम पांच बजे शुरू हुए आयोजन में क्लब सदस्य अपने परिवारों के साथ पहुंचे। मिलते ही औपचारिकताओं की जगह हंसी-मजाक, पुराने किस्सों और आत्मीय बातचीत ने ले ली। इसके बाद मनोरंजक खेलों और पारिवारिक गतिविधियों का सिलसिला शुरू हुआ, जिसमें बच्चों के उत्साह के साथ बड़ों ने भी पूरे जोश से भागीदारी निभाई।

क्लब अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. हिमांशु गुप्ता ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि क्लब सदस्यों के परिवारों को भी आपस में जोड़ना और रिश्तों में आत्मीयता बढ़ाना था। आयोजन में सबसे पहले पहुंचने वाले पांच परिवारों को विशेष पुरस्कार देकर कार्यक्रम में रोचकता का रंग भी जोड़ा गया।

कार्यक्रम के दौरान हास्य-विनोद, खेल और विभिन्न गतिविधियों ने माहौल को लगातार खुशनुमा बनाए रखा। परिवारों ने साथ बैठकर समय बिताया और एक-दूसरे को करीब से जानने का अवसर मिला।

क्लब सचिव भरत सिंघवी ने आयोजन में शामिल सभी सदस्यों एवं परिवारों का आभार जताया। कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और विभिन्न गतिविधियों के संचालन में दिनमय चौधरी, संजीव जैन और दीपेश कोठारी की विशेष भूमिका रही।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि ऐसे पारिवारिक आयोजन क्लब में मित्रता, टीम भावना और एकजुटता को मजबूती देते हैं। शाम का समापन ठहाकों, आत्मीय मुलाकातों और अनेक खूबसूरत यादों के साथ हुआ।

रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar