
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
झीलों की नगरी उदयपुर में 3 और 4 अक्टूबर को आयोजित होने वाला ‘रफ्तार 3.0’ इस बार सिर्फ ऑटो एक्सपो तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ऑटोमोबाइल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार का संगम बनेगा। एक ओर आधुनिक कारों और दमदार बाइक्स की चमक देखने को मिलेगी, तो दूसरी ओर विंटेज वाहनों का आकर्षण लोगों को पुराने दौर की याद दिलाएगा। आयोजन के माध्यम से बच्चों की शिक्षा के लिए सहयोग जुटाने का भी संकल्प लिया गया है।
उदयपुर लेकसिटी राउंड टेबल 206 की ओर से फील्ड क्लब में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय आयोजन में ऑटोमोबाइल प्रेमियों को एक ही स्थान पर 20 से अधिक प्रमुख ब्रांड्स के दोपहिया और चार पहिया वाहन देखने का अवसर मिलेगा। बीएमडब्ल्यू, टोयोटा, विनफास्ट, हार्ले-डेविडसन, होंडा, केटीएम और ट्रायम्फ सहित कई कंपनियों के नए मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। आधुनिक तकनीक से लैस वाहनों के साथ विंटेज और क्लासिक कारें भी एक्सपो का खास आकर्षण रहेंगी।
‘रफ्तार 3.0’ का प्रमुख उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग करना भी है। आयोजन से जुटाई जाने वाली राशि का उपयोग अंबेरी स्थित विद्यालय में छह नई कक्षाओं के निर्माण के लिए किया जाएगा। राउंड टेबल इंडिया लंबे समय से शिक्षा एवं सामाजिक विकास से जुड़े प्रकल्पों पर काम कर रही है। बीते वर्ष रफ्तार और अन्य फंडरेजिंग गतिविधियों से मिले सहयोग से महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, डाबोक में चार कक्षाओं का निर्माण कराया गया था। अब अंबेरी के बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
आयोजन के दौरान राउंड टेबल इंडिया के देशभर से वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य भी उदयपुर पहुंचेंगे। इसी अवसर पर संगठन की नेशनल एग्जीक्यूटिव मीटिंग भी आयोजित होगी। विभिन्न शहरों से आने वाले प्रतिनिधियों की मौजूदगी इस सामाजिक पहल को राष्ट्रीय स्तर का जुड़ाव देगी।
‘रफ्तार 3.0’ में वाहनों के साथ किड्स प्ले जोन, फूड जोन, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, लकी ड्रॉ और विभिन्न ब्रांड्स के विशेष ऑफर्स भी आकर्षण का हिस्सा होंगे। वाहन खरीदने की योजना बना रहे लोगों को नए मॉडल करीब से देखने और एक्सपो ऑफर्स की जानकारी लेने का अवसर मिलेगा।
फंडरेजिंग अभियान में कन्वीनर्स सनी मोदी और असीम भोलिया के नेतृत्व में टीम विभिन्न व्यावसायिक समूहों, संस्थानों और सहयोगियों से संपर्क कर रही है। उदयपुर लेकसिटी राउंड टेबल 206 के चेयरमैन मोहित सिंघवी ने शहरवासियों से परिवार सहित आयोजन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि ‘रफ्तार 3.0’ मनोरंजन के साथ बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने में भागीदारी का अवसर भी है।
रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’


