
जगदलपुर में सीए सदस्यों का दीपावली मिलन समारोह आयोजित, बॉक्स क्रिकेट और मनोरंजक स्पर्धाओं के साथ जीएसटी, इनकम टैक्स एवं TallyPrime 7.2 की नई तकनीकों पर हुआ ज्ञानवर्धक सत्र
जगदलपुर (शाबाश इंडिया)। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) के सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल (CIRC) के अंतर्गत जगदलपुर CPE चैप्टर की ओर से गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को शगुन फार्म्स, जगदलपुर में दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स सदस्यों ने मनोरंजक गतिविधियों के साथ ज्ञानवर्धक एवं तकनीकी सत्र में भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 3:30 बजे हुई। प्रथम सत्र में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं सदस्यों के मनोरंजन और आपसी मेलजोल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बॉक्स क्रिकेट सहित विभिन्न खेल एवं मनोरंजक स्पर्धाएं आयोजित की गईं। सदस्यों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और दीपावली मिलन का आनंद उठाया।
कार्यक्रम का दूसरा सत्र शाम 6:30 बजे ‘ज्ञान की पाठशाला’ के अंतर्गत आयोजित किया गया। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में जबलपुर के पीसी प्लेनेट के संस्थापक नितिन जैन ने GST Compliance, Audits, E-Invoicing एवं Income Tax के नवीनतम नियमों और व्यावहारिक चुनौतियों पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बदलते कर नियमों और तकनीकी विकास के दौर में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स आधुनिक तकनीक का उपयोग कर अपने कार्यों को किस प्रकार अधिक सरल, तेज और प्रभावी बना सकते हैं।
सीए विवेक सोनी ने बताया कि सत्र का विशेष आकर्षण TallyPrime के नवीनतम संस्करण 7.2 का लाइव डेमो रहा। इसमें नितिन जैन ने एआई आधारित नई सुविधाओं एवं स्मार्ट ऑटोमेशन का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि TallyPrime 7.2 के माध्यम से अकाउंटिंग, बैंक रिकन्सिलिएशन, दस्तावेजों से डेटा एंट्री, जीएसटी अनुपालन तथा अन्य व्यावसायिक प्रक्रियाओं को अधिक आसान और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।
उपस्थित सीए सदस्यों ने इन नई सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की और अपने दैनिक पेशेवर कार्यों में इनके उपयोग की संभावनाओं को समझा। वक्ता ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं ऑटोमेशन भविष्य की अकाउंटिंग व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन तकनीकों को अपनाकर सीए प्रोफेशनल्स कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ अपने क्लाइंट्स को बेहतर सेवाएं प्रदान कर सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन सीए नीरव मोतीवाला ने किया। उपस्थित सदस्यों का स्वागत वरिष्ठ सीए अविनाश जैन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सीए विवेक सोनी ने किया।
कार्यक्रम के आयोजन में सीए विवेक सोनी (संयोजक) एवं सीए नीरव मोतीवाला (सह-संयोजक) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मनोरंजन, आपसी सौहार्द और ज्ञान के समन्वय से आयोजित यह दीपावली मिलन समारोह जगदलपुर के सीए सदस्यों के लिए यादगार एवं उपयोगी आयोजन रहा।
प्रेस विज्ञप्ति जारीकर्ता :
सीए विवेक सोनी
कार्यक्रम संयोजक, जगदलपुर


