
किड्स पार्टी में बच्चों ने नृत्य, मनोरंजक खेलों और स्वादिष्ट व्यंजनों का लिया आनंद
श्योपुर रोड (शाबाश इंडिया)। श्योपुर रोड स्थित एंबिशन किड्स एकेडमी में शुक्रवार को बाल दिवस की पूर्व संध्या पर किड्स पार्टी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नन्हे बालक-बालिकाओं ने स्वादिष्ट चॉकलेट पुडिंग और पाइनेपल पुडिंग का आनंद लेते हुए बाल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। बच्चों ने विभिन्न फिल्मी गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए, जिन्होंने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने बच्चों के लिए कई रोचक खेल आयोजित किए। साथ ही अकबर-बीरबल और टॉम एंड जेरी की कहानियां भी प्रदर्शित की गईं, जिन्हें बच्चों ने बड़ी उत्सुकता से देखा।
संस्थान की प्राचार्या डॉ. अलका जैन ने बताया कि भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस बच्चों को समर्पित राष्ट्रीय पर्व है, जिसका उद्देश्य उनके अधिकारों की रक्षा तथा उनके विकास और शिक्षा के महत्व को रेखांकित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आपसी सहयोग और मिल-जुलकर कार्य करने की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम में संस्थान के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ होम्योपैथ डॉ. एम.एल. जैन ‘मणि’ ने बच्चों को चॉकलेट और उपहार वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों का आभार भी व्यक्त किया।
इसके बाद एकेडमी के निदेशक डॉ. मनीष जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाल दिवस हमें याद दिलाता है कि बच्चे केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र का गौरव होते हैं। उनका उचित पालन-पोषण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देश की प्रगति की आधारशिला है। उन्होंने सभी से बच्चों को प्यार, सुरक्षा, शिक्षा और समान अवसर प्रदान करने का आग्रह किया, ताकि वे आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
कार्यक्रम के समापन पर उप-आचार्या अनीता जैन ने सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं।


