
पारंपरिक पाक-ज्ञान को सहेजने और अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान, विशेषज्ञों ने खानपान को स्मृतियों, भूगोल और सामाजिक इतिहास की जीवंत विरासत बताया
उदयपुर (शाबाश इंडिया)। शिल्पग्राम के बंजारा मंच पर शुक्रवार सुबह ‘शरद रंग’ की दूसरी सुबह भारतीय खाद्य विरासत के नाम रही। भारतीय खानपान पर केंद्रित संवाद में वक्ताओं ने भोजन को महज स्वाद नहीं, बल्कि स्मृतियों, भूगोल और सामाजिक इतिहास की भाषा बताया। उन्होंने कहा कि रसोई समाज की वह जीवंत पाठशाला है, जहां मौसम, परंपरा, स्वास्थ्य और रिश्ते एक साथ आकार लेते हैं।
लुप्त होती दादी-नानी की रसोई
शेफ डॉ. राजीव गोयल, डॉ. संगीता धर, अक्षराज जोधा, निशांत चौबे, राहुल वाली, कासी विश्वनाथन और डॉ. श्रीकृष्ण जुगनू ने तेज होती जीवनशैली, छोटे परिवारों और पीढ़ियों के बीच घटते संवाद पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि दादी-नानी की रसोई में सुरक्षित अनेक पारंपरिक विधियां लिखित अथवा डिजिटल अभिलेखों के अभाव में धीरे-धीरे विलुप्त हो रही हैं। मौसमी खाद्य ज्ञान और घरेलू संरक्षण की कला को सहेजना समय की जरूरत है।
अचार में छिपी दूरदर्शिता
अचार की उत्पत्ति और संरक्षण पद्धतियों के उदाहरणों के माध्यम से बताया गया कि भारतीय रसोई ने स्वाद के साथ उपयोगिता, ऋतु और स्वास्थ्य के बीच संतुलन बहुत पहले स्थापित कर लिया था। तमिल संगम साहित्य सहित प्राचीन खाद्य ग्रंथों के उल्लेखों ने भारतीय पाक-परंपरा की ऐतिहासिक गहराई को सामने रखा। वक्ताओं ने जोर दिया कि पुराने व्यंजनों को केवल रेसिपी नहीं, बल्कि लोकज्ञान की विरासत के रूप में समझने और सहेजने की जरूरत है।
प्रदेशों की थाली में पहचान की कहानी
संवाद में कश्मीरी पंडितों के खानपान को रूढ़ धारणाओं से परे समझने, मेवाड़ के भोजन पर जलवायु, इतिहास और जीवन-पद्धति के प्रभाव तथा झारखंड के जनजातीय आहार में प्रकृति के साथ सहजीवन से विकसित ज्ञान पर चर्चा हुई। औपनिवेशिक दौर में भारतीय व्यंजनों के नामों और पहचान में आए बदलावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
स्वास्थ्य और हुनर की नई राह
आयुर्वेद, संतुलित आहार और स्वास्थ्य के पारस्परिक संबंधों के साथ युवाओं के लिए शेफ के रूप में उभरते अवसरों पर भी उपयोगी मार्गदर्शन दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पाक-कला अब केवल घरेलू कौशल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें शोध, उद्यमिता और सृजनात्मक करियर की व्यापक संभावनाएं हैं।
खाद्य विरासत सहेजना साझा जिम्मेदारी
कार्यक्रम में उप निदेशक पवन अमरावत ने दीप प्रज्ज्वलित किया। सत्र का संचालन सिद्धांत भटनागर ने किया। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता सी.एल. सालवी तथा सहायक निदेशक वित्त एवं लेखा दुर्गेश चांदवानी भी उपस्थित रहे।
सत्र ने यह संदेश दिया कि भोजन की विविधता को बचाना, उसके पीछे छिपे पारंपरिक ज्ञान को दर्ज करना और उसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सांस्कृतिक संरक्षण का महत्वपूर्ण कार्य है। शनिवार, 14 नवंबर को सुबह 10 बजे पाक-कला विशेषज्ञ आमजन से स्वाद और सेहत के विषय पर पुनः संवाद करेंगे।


