Friday, September 25, 2026

हेलमेट नहीं, जिंदगी की सुरक्षा का संकल्प: 501 लोगों तक पहुंचा सड़क सुरक्षा का संदेश

Oplus_131072

उदयपुर | शाबाश इंडिया।

स्व. श्रीमती विश्वमोहिनी शर्मा की पुण्यस्मृति में गुरुवार को उदयपुर में विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। मोहिनी इंफ्रा प्रोजेक्ट्स एवं 94.3 माय एफएम की ओर से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना रहा। अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 501 हेलमेट वितरित किए गए।

अभियान का मुख्य कार्यक्रम जिला कलेक्ट्री परिसर में आयोजित हुआ, जहां पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन ने आमजन को हेलमेट प्रदान कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के नियमित उपयोग, सुरक्षित ड्राइविंग और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया। अभियान में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, उदयपुर यातायात पुलिस और आधार फाउंडेशन ने सहयोग किया।

सुबह से ही अंबेरी, प्रताप नगर, मादड़ी चौराहा, टिटारड़ी बायपास, बलीचा, गोवर्धन विलास, रामपुरा और साइफन क्षेत्र में अभियान की टीमें पहुंचीं। वाहन चालकों से संवाद कर उन्हें बताया गया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन की रक्षा करने वाला महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है।

कलेक्ट्री में मुख्य कार्यक्रम के बाद अभियान का अगला चरण शास्त्री सर्कल पर आयोजित हुआ। यहां भी वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए और सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।

मोहिनी इंफ्रा प्रोजेक्ट्स के चेयरमैन कुलक्षेत्र शर्मा ने कहा कि स्व. विश्वमोहिनी शर्मा की स्मृति में आयोजित यह पहल केवल 501 हेलमेट वितरित करने तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य लोगों की सोच में ऐसा बदलाव लाना है, जिससे हेलमेट पहनना उनकी आदत के साथ जिम्मेदारी भी बने।

उन्होंने कहा कि यदि इस अभियान से एक भी व्यक्ति सड़क दुर्घटना में सुरक्षित बचता है या किसी परिवार को अपूरणीय क्षति से बचाया जा सके, तो यही स्व. विश्वमोहिनी शर्मा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में ट्रैफिक डिप्टी भंवरलाल, गौरव शर्मा, नारायणलाल सहित प्रशासन, यातायात विभाग के अधिकारियों और शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही। आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं हेलमेट पहनें और अपने परिजनों व परिचितों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar