Tuesday, August 25, 2026

CBROA राजस्थान की चतुर्थ त्रि-वार्षिक साधारण सभा जयपुर में संपन्न, एन. के. पारीक पुनः निर्विरोध महासचिव निर्वाचित

जयपुर | शाबाश इंडिया।

सेंट्रल बैंक रिटायर्ड ऑफिसर्स एसोसिएशन (CBROA), राजस्थान की चतुर्थ त्रि-वार्षिक साधारण सभा रविवार, 23 अगस्त को जयपुर के इंद्रलोक ऑडिटोरियम में आयोजित हुई। सभा में संगठन की गतिविधियों, उपलब्धियों, सेवानिवृत्त बैंक अधिकारियों की समस्याओं तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आगामी तीन वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राजवंश पब्लिक स्कूल की बालिकाओं द्वारा मंगलाचरण एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

सभा में सेंट्रल बैंक के डिप्टी जोनल हेड विभूति भूषण, AIBPARC के उपाध्यक्ष जे. डी. शर्मा, AICBROF के डी. एस. भदौरिया, डी. एस. लहाने, ए. के. नागर, अनिल ठाकुर, AICBOF के मनोज वाडनेरकर, अरविंद मीणा, CBOA Raj के लोकेश फिरोदा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में सेवानिवृत्त बैंक अधिकारियों की समस्याओं, संगठन की एकजुटता एवं भविष्य की कार्ययोजना पर विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर एन. के. पारीक को AIBPARC के वर्किंग प्रेसिडेंट निर्वाचित होने पर CBROA राजस्थान की ओर से अभिनंदन एवं स्वागत किया गया। वक्ताओं ने उनके संगठनात्मक अनुभव, सक्रिय नेतृत्व तथा बैंक कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों के हितों के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

सभा के द्वितीय सत्र में 75 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके उपस्थित 45 सदस्यों को अतिथियों द्वारा शॉल एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सदस्यों के योगदान एवं संगठन के प्रति उनकी सेवाओं की सराहना की गई।

साधारण सभा में महासचिव एन. के. पारीक ने संगठन की गतिविधियों एवं उपलब्धियों से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा आय-व्यय का लेखा-जोखा सदन के समक्ष रखा। उपस्थित सदस्यों ने रिपोर्ट पर चर्चा करते हुए संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

सभा में आगामी तीन वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी के चुनाव भी संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया के दौरान एन. के. पारीक को सर्वसम्मति से वर्ष 2026-28 के लिए निर्विरोध महासचिव निर्वाचित घोषित किया गया। इसके साथ ही चेयरमैन आर. के. बख्शी, अध्यक्ष महेंद्र सिंह मीना, डीजीएस मनोज शर्मा एवं बी. एस. राठौड़, कोषाध्यक्ष ललित शर्मा तथा जयपुर क्षेत्रीय सचिव पदम जैन बिलाला सहित अन्य पदाधिकारियों के नाम भी चुनाव अधिकारियों द्वारा घोषित किए गए।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सदस्यों ने शुभकामनाएं देते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की अपेक्षा व्यक्त की। इस अवसर पर पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन की एकता, सक्रियता तथा सेवानिवृत्त बैंक अधिकारियों के हितों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

नई कार्यकारिणी के गठन एवं एन. के. पारीक के निर्विरोध महासचिव चुने जाने के साथ साधारण सभा उत्साहपूर्ण वातावरण में नव निर्वाचित अध्यक्ष के धन्यवाद ज्ञापन के साथ संपन्न हुई।

पदम जैन बिलाला

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar