
जयपुर | शाबाश इंडिया।
जैन धर्म एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जय जिनेंद्र ग्रुप, महावीर नगर का 10 सदस्यीय दल चार सप्ताह की अमेरिका यात्रा पूरी कर जयपुर लौट आया। दल 25 जुलाई को जयपुर से रवाना हुआ था। यात्रा के दौरान दल ने अमेरिका के विभिन्न शहरों एवं राज्यों का भ्रमण करते हुए वहां स्थित जैन मंदिरों के दर्शन किए तथा स्थानीय जैन समाज के लोगों से धर्म चर्चा कर जैन धर्म और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार का संदेश दिया।

श्री दिगंबर जैन महासमिति के राष्ट्रीय महामंत्री एवं जय जिनेंद्र ग्रुप के सुरेंद्र-मृदुला जैन पांड्या ने बताया कि दल ने अमेरिका प्रवास के दौरान सैन फ्रांसिस्को, ओरलैंडो, साउथ लेक, फ्रेस्नो, लॉस एंजिल्स, लॉस वेगास, नियाग्रा फॉल्स, वाशिंगटन सहित विभिन्न स्थानों की यात्रा की और अंत में न्यूजर्सी पहुंचकर वहां स्थित जैन मंदिर के दर्शन किए।
उन्होंने बताया कि यात्रा की शुरुआत सैन फ्रांसिस्को एयरपोर्ट से पहुंचने के बाद जैन मंदिर के दर्शन से हुई। यहां दोनों जैन पंथों का एक ही मंदिर है, जहां दोनों पंथों के श्रद्धालु मिलकर पूजा-अर्चना करते हैं। दल ने विभिन्न स्थानों पर जैन समाज के लोगों से मुलाकात कर धार्मिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर संवाद किया।
यात्रा के दौरान दल के सदस्यों ने अमेरिका में रह रहे जैन समाज के लोगों से संपर्क कर जैन धर्म की शिक्षाओं, भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं के बारे में चर्चा की। इस दौरान विभिन्न जैन मंदिरों में दर्शन एवं धार्मिक गतिविधियों में भी सहभागिता की।
दल में सेवानिवृत्त मुख्य न्यायाधीश नरेंद्र कुमार-मधुबाला जैन, सुरेश-नीता काला, कैलाश-मंजू जैन, सुरेश-शशि सोगानी सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
दल के जयपुर लौटने पर समाजबंधुओं ने यात्रा की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि विदेशों में जैन धर्म और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के ऐसे प्रयास समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


