
पिंडवाड़ा (सिरोही)। शाबाश इंडिया।
राजस्थान के सिरोही जिले के पिंडवाड़ा ब्लॉक के निकटवर्ती गांव नांदिया स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में नियुक्त शिक्षक गुरुदीन वर्मा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर विद्यालय को उपयोगी शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक सामग्री भेंट कर अनुकरणीय पहल की।
शिक्षक वर्मा ने विद्यालय के प्राथमिक परिसर में कक्षा 3 से 5 के 40 विद्यार्थियों के लिए टेबल-बेंच सेट भेंट किए। साथ ही उन्होंने प्रार्थना सभा को अधिक रोचक एवं संगीतमय बनाने के लिए हारमोनियम, ढोलक और साउंड सिस्टम भी विद्यालय को समर्पित किया।
उन्होंने बताया कि यह सभी सामग्री विद्यालय में नामांकन वृद्धि एवं विद्यार्थियों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए भेंट की गई है। इसके साथ ही वे अपने निजी खर्च से प्राथमिक परिसर के बरामदे में जाली निर्माण कार्य भी करवा रहे हैं, जो शीघ्र पूर्ण होने की उम्मीद है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेश कुमार खत्री ने शिक्षक वर्मा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने इससे पूर्व भी विद्यालय सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों को सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने बताया कि वर्मा जनवरी से जुलाई 2026 के बीच ही एक लाख रुपये से अधिक की सामग्री पीईईओ नांदिया को भेंट कर चुके हैं।
अन्य शिक्षकों ने भी उनके कार्यों को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि वे समाज एवं शिक्षा क्षेत्र के लिए एक आदर्श प्रस्तुत कर रहे हैं। बताया गया कि पिछले चार वर्षों में शिक्षक वर्मा विभिन्न विद्यालयों में लगभग चार लाख रुपये से अधिक की भामाशाह सहायता प्रदान कर चुके हैं।
इस अवसर पर शिक्षक धनराज लोहार, गणेश कुमार गुर्जर, विक्रम कुमार गर्ग सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


