
जयपुर | शाबाश इंडिया।
श्री महावीर दिगंबर जैन शिक्षा परिषद के तत्वावधान में संचालित पद्मावती पब्लिक स्कूल, मानसरोवर में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में प्री-दीपावली उत्सव हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय अध्यक्ष उमरावमल सांघी एवं कोषाध्यक्ष महेश काला ने किया। इस अवसर पर सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को मिठाई भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएँ दी गईं।
उत्सव के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। बच्चों ने फूलों से आकर्षक रंगोली बनाई, दीपकों को सुंदर ढंग से सजाया और पारंपरिक बंदनवार तैयार कर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के महत्व से परिचित कराया गया।
इस अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा भी आयोजित की गई, जिसमें दीपावली के महत्व के साथ खुशियाँ बाँटने, प्रेम, सद्भाव और स्वच्छता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और बच्चों के साथ उत्सव का आनंद लिया। विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों की सहभागिता ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या हेमलता जैन ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनकी रचनात्मकता एवं सहयोग की भावना को भी विकसित करते हैं।
पूरे विद्यालय परिसर में दीपावली की खुशियों, रंगों और उत्साह का मनमोहक माहौल देखने को मिला।


