
जयपुर | शाबाश इंडिया।
सुबोध पब्लिक स्कूल, नियर एयरपोर्ट, सांगानेर में सोमवार, 3 नवंबर 2026 को नर्सरी से कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए ग्रैंड एनुअल स्पोर्ट्स मीट 2026 का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। नन्हे विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं में लिटिल मास्टर शेफ रेस, डायनासोर रेस, हेल्दी स्प्राउट रेस, हर्डल रेस और रिले रेस प्रमुख रहीं। बच्चों की हंसी, तालियों और उत्साह से पूरा खेल मैदान गूंज उठा।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों की शानदार मास ड्रिल प्रस्तुति रही। बच्चों के बेहतरीन तालमेल, रंग-बिरंगी संरचनाओं और आत्मविश्वास से भरपूर प्रदर्शन ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती संगीता बत्रा ने बच्चों के आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए उन्हें सदैव सक्रिय, प्रसन्न एवं जिज्ञासु बने रहने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री आशी श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था में शारीरिक गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास, शारीरिक समन्वय और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
आयोजन के दौरान शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। खेलों के माध्यम से नन्हे विद्यार्थियों ने अनुशासन, सहभागिता, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का महत्व सीखा। खुशियों और खिलखिलाहट के बीच स्पोर्ट्स मीट का समापन हुआ।


