Thursday, November 5, 2026

सेवा और समर्पण की मिसाल बना लायंस क्लब अजमेर आस्था, 51 जरूरतमंद विद्यार्थियों को बांटे ब्लेजर व ऊनी जर्सियां

Oplus_131072

अजमेर | शाबाश इंडिया।

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल 3233 ई-2 के संभाग 11 के संभागीय अध्यक्ष एमजेएफ लायन मुकेश कर्णावट की लायंस क्लब अजमेर आस्था की आधिकारिक यात्रा सेवा, समर्पण और मानवता का संदेश देते हुए संपन्न हुई। इस अवसर पर 51 जरूरतमंद विद्यार्थियों को सर्दी से बचाव के लिए ब्लेजर एवं ऊनी जर्सियां भेंट की गईं। वहीं, संभागीय अध्यक्ष के आह्वान पर क्लब के 16 सदस्यों ने लायंस क्लब्स इंटरनेशनल फाउंडेशन (एलसीआईएफ) में आर्थिक सहयोग प्रदान कर प्रांतपाल लायन निशांत जैन के संकल्प को मजबूती दी।

संभागीय अध्यक्ष लायन मुकेश कर्णावट ने अपने संबोधन में क्लब द्वारा पिछले चार माह में किए गए सेवा कार्यों की सराहना करते हुए अध्यक्ष लायन कमल बाफना एवं उनकी टीम की प्रशंसा की। उन्होंने महिला कैंसर के प्रति जनजागरण, रोगियों के उपचार एवं निदान की व्यवस्था तथा अजमेर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में मल्टीस्पेशियलिटी चिकित्सा शिविर आयोजित कर जरूरतमंदों को राहत पहुँचाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही क्लब में नए सदस्यों को जोड़कर सेवा गतिविधियों का विस्तार करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने पिछले चार माह में श्रेष्ठ सेवा प्रकल्पों में सहयोग देने वाले सदस्यों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब अध्यक्ष लायन कमल बाफना की घोषणा के साथ हुआ। संस्था के संस्थापक मेल्विन जोंस एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन किया गया। लायन शिखा शर्मा ने ध्वज वंदना प्रस्तुत की। राष्ट्रगान के बाद विश्व शांति के लिए मौन प्रार्थना की गई। क्लब अध्यक्ष ने स्वागत उद्बोधन दिया।

क्लब सचिव लायन अनिल चोरड़िया ने सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए पिछले चार माह की सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रांत के 156 क्लबों के सेवा प्रकल्पों के मूल्यांकन में लायंस क्लब अजमेर आस्था ने 63,380 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया है।

समाजसेवी लायन राकेश पालीवाल, लायन अतुल पाटनी एवं पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष लायन मधु पाटनी के सहयोग से तीर्थराज पुष्कर स्थित मंडला स्कूल के 51 विद्यार्थियों को ब्लेजर एवं ऊनी जर्सियां वितरित की गईं। विद्यालय में अधिकांश विद्यार्थी स्लम क्षेत्रों से आते हैं और निःशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। सर्दी के मौसम में उन्हें राहत पहुँचाने के उद्देश्य से यह सेवा कार्य किया गया।

अंत में क्लब कोषाध्यक्ष लायन विनय लोढ़ा ने अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में क्लब के पूर्व अध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य और अनेक सेवाभावी सदस्य उपस्थित रहे। मंच संचालन पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष लायन पदम चंद जैन ने किया।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar