Tuesday, September 29, 2026

विश्व हृदय दिवस पर जेएलएन मेडिकल कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, स्वास्थ्य जांच शिविर और रैली से दिया स्वस्थ हृदय का संदेश

अजमेर | शाबाश इंडिया।

विश्व हृदय दिवस के अवसर पर जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय, अजमेर के हृदय रोग विभाग की ओर से आमजन को हृदय रोगों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ हृदय के महत्व का संदेश देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अवसर पर दौलतबाग एवं नई चौपाटी में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं हृदय रोग जागरूकता शिविर लगाए गए। दौलतबाग में आयोजित शिविर में 94 तथा नई चौपाटी में 77 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविरों में स्वास्थ्य जांच के साथ हृदय रोगों से बचाव, जोखिम कारकों की पहचान और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर आवश्यक परामर्श दिया गया।

इसके बाद जेएलएन मेडिकल कॉलेज से बजरंगगढ़ चौराहा तक हृदय स्वास्थ्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आमजन को नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, धूम्रपान एवं तंबाकू से दूरी बनाए रखने, रक्तचाप व मधुमेह को नियंत्रित रखने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया ने हृदय को स्वस्थ रखने और हृदय रोगों से बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। डॉ. हेमेश्वर हर्षवर्धन, डॉ. महेंद्र खन्ना एवं डॉ. संजीव माहेश्वरी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए आमजन को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। उन्होंने हृदय रोगों की रोकथाम के लिए जागरूकता, नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर उपचार के महत्व पर प्रकाश डाला।

आयोजन में हृदय रोग विभाग के चिकित्सकों एवं कंसल्टेंट्स डॉ. मोनिका माहेश्वरी, डॉ. प्रमोद कुमार पारीक, डॉ. लोकेश चंद अग्रवाल एवं डॉ. आशीष कुमार अग्रवाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। चिकित्सकों ने आमजन को हृदय रोगों के जोखिम कारकों, लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य “स्वस्थ हृदय, स्वस्थ समाज” का संदेश आमजन तक पहुंचाना और लोगों को हृदय रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक करना रहा।

रिपोर्ट: रोहित जैन

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar