
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
शाही महलों, झीलों और विश्वप्रसिद्ध डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए पहचाने जाने वाले उदयपुर में मंगलवार को वेडिंग, इवेंट एवं हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री का भव्य संगम देखने को मिला। बंबूसा रिसोर्ट एंड स्पा में वीवा द्वारा आयोजित ‘वेडिंग इंडस्ट्री एंड वेंडर अवार्ड’ समारोह में देशभर से आए 300 से अधिक विशेषज्ञों ने भाग लेते हुए बदलते वेडिंग ट्रेंड्स, नए कारोबारी अवसरों और भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
समारोह में वेडिंग प्लानर्स, इवेंट मैनेजर्स, होटल एवं रिसोर्ट प्रतिनिधि, डेकोरेटर्स, कैटरर्स, फोटोग्राफर्स, वेंडर्स तथा हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से जुड़े प्रोफेशनल्स एक मंच पर एकत्र हुए। आकर्षक सजावट और उत्सवी माहौल के बीच यह आयोजन नेटवर्किंग, नवाचार और अनुभवों के आदान-प्रदान का प्रभावी मंच बना।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण देश के प्रतिष्ठित इवेंट विशेषज्ञ अरशद हुसैन का विशेष संबोधन रहा। फेडरेशन ऑफ राजस्थान इवेंट मैनेजर्स के पूर्व अध्यक्ष, आईडब्ल्यूटीसी के संस्थापक एवं इवेंट मैनेजर्स डे के ग्लोबल कन्वीनर अरशद हुसैन ने वेडिंग इंडस्ट्री में तेजी से बदलते ट्रेंड्स और उभरते व्यावसायिक अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि आज विवाह समारोह केवल पारंपरिक रस्मों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक आयोजन एक अनूठा अनुभव और यादगार कहानी बन चुका है। आधुनिक तकनीक, थीम आधारित आयोजन, डिजिटल प्रेजेंटेशन, व्यक्तिगत सेवाएं और बेहतर ग्राहक अनुभव इस उद्योग की नई पहचान बन रहे हैं।
अरशद हुसैन ने वेडिंग इंडस्ट्री को होटल, पर्यटन, ट्रैवल, कैटरिंग, डेकोरेशन, मनोरंजन, फोटोग्राफी और इवेंट मैनेजमेंट को जोड़ने वाला विशाल आर्थिक तंत्र बताते हुए कहा कि भविष्य उन्हीं पेशेवरों का होगा, जो परंपरा और आधुनिकता के बीच संतुलन बनाकर नवाचार को अपनाएंगे।
इवेंट एवं वेडिंग इंडस्ट्री में उल्लेखनीय योगदान के लिए उदयपुर इवेंट इंडस्ट्री की ओर से अरशद हुसैन का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान को डेस्टिनेशन वेडिंग के वैश्विक केंद्र के रूप में और अधिक मजबूत बनाने, नए बाजार विकसित करने तथा उद्योग से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी मंथन हुआ।
आयोजन समिति के कमल शर्मा, राजकमल शर्मा एवं हैदर अली ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर उदयपुर होटल फेडरेशन के योगेश्वर सिंह कुमावत, बीसीआई उत्सव के अध्यक्ष मुकेश माधवानी, बंबूसा रिसोर्ट एंड स्पा की मैनेजिंग डायरेक्टर ईशानी वर्दियां सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
यह आयोजन उदयपुर की वैश्विक वेडिंग पहचान को नए कारोबारी दृष्टिकोण, मजबूत नेटवर्किंग और भविष्य की संभावनाओं से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।
रिपोर्ट/फोटो : राकेश शर्मा ‘राजदीप’


