
पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय जैन संगोष्ठी में बोले वरिष्ठ साहित्यकार एवं आध्यात्मिक चिंतक; धर्म को आचरण में उतारने और आत्ममूल्यांकन पर दिया जोर
सागवाड़ा (शाबाश इंडिया)। राजस्थान के डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा कस्बे में दिगंबर जैन आचार्य पूज्य श्री कनकनंदी जी महाराज साहब के सान्निध्य एवं डॉ. राजमल जैन के संयोजन में पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय जैन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें देश-विदेश के लगभग 56 विद्वानों ने भाग लिया।
संगोष्ठी में वरिष्ठ साहित्यकार, स्वाध्यायी, आध्यात्मिक चिंतक एवं मोटिवेशनल स्पीकर पदम चंद गांधी ने अपने व्याख्यान में कहा कि जैन धर्म के सिद्धांत अत्यंत सरल, जीवनोपयोगी और प्रतिपल व्यवहार में उतारने योग्य हैं। दुर्भाग्यवश, हमने इन सिद्धांतों को केवल आध्यात्मिक दृष्टि से देखा है, जबकि इन्हें दैनिक जीवन और व्यवहार में अपनाने की आवश्यकता है। धर्म के प्रत्येक सिद्धांत में जीवन को श्रेष्ठ बनाने की व्यावहारिक क्षमता है।
उन्होंने कहा कि आज अधिक लाभ और लोभ-लालच के कारण लोग झूठ बोलने, चोरी करने, छल-कपट करने, मिलावट करने, झूठे बयान देने और झूठे साक्ष्य प्रस्तुत करने जैसे अनुचित कार्यों में लिप्त हो रहे हैं। दो नंबर के खाते रखना, कर चोरी करना तथा धर्म की शिक्षाओं के विपरीत आचरण करना भी इसी प्रवृत्ति के उदाहरण हैं। इन कारणों से समाज में प्रामाणिकता, ईमानदारी और पारदर्शिता कमजोर हुई है।
गांधी ने कहा कि धर्म अपने मूल स्वरूप में शुद्ध, सरल और व्यावहारिक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति धर्म के सिद्धांतों को अपने दैनिक आचरण में शामिल करे तो उसका जीवन श्रेष्ठ बन सकता है। धर्म ही जीवन जीने की कला सिखाता है और इसके माध्यम से असीम सुख-शांति प्राप्त की जा सकती है। धर्म का वास्तविक स्वरूप व्यवहार में दिखाई देना चाहिए, न कि केवल दिखावे और कर्मकांडों में।
उन्होंने आत्मज्ञान और स्वमूल्यांकन पर जोर देते हुए कहा कि दूसरों की कमियां देखने के बजाय स्वयं का आकलन करने से समस्याओं का समाधान मिलता है। व्यक्ति जब अपने आचरण को सुधारने का प्रयास करता है, तभी जीवन में वास्तविक परिवर्तन संभव होता है।
संगोष्ठी में प्रो. जितेंद्र भाई शाह, डॉ. धर्मचंद जैन, डॉ. अनिल जैन, प्रो. सुषमा सिंघवी, समाज अध्यक्ष नरेंद्र गलानिया, उपाध्यक्ष मनोज गलानिया, संगोष्ठी अध्यक्ष राजेश जैन और मनीष जैन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पदम चंद गांधी का शॉल, माला, श्रीफल और प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मान किया गया। गुरुदेव ने उन्हें आशीर्वाद प्रदान करते हुए अपना साहित्य भी भेंट किया। अंत में संगोष्ठी संयोजक डॉ. राजमल जैन ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।


