Tuesday, November 24, 2026

नानक की ज्योति से जगमग हो संसार

आज सजा है प्रेम का आँगन, आज खुशी का पर्व,
नानक की पावन वाणी से पुलकित हुआ है सर्व।
श्रद्धा के दीपक जल उठे हैं, गूँजे मधुर विचार,
गुरुपर्व का पावन संदेश करे जग का उद्धार।

न कोई ऊँचा, न कोई नीचा, सबका एक विधान,
एक पिता की संतान हैं हम, एक धरा, एक प्राण।
जाति-धर्म की संकीर्णता को मन से दूर भगाएँ,
मानवता के पावन पथ पर मिलकर कदम बढ़ाएँ।

नानक ने जो राह दिखाई, वह केवल उपदेश नहीं,
सत्य, प्रेम और सेवा से बढ़कर कोई परिवेश नहीं।
नाम-सिमरन से मन निर्मल हो, कर्म बने पहचान,
ईमानदारी की रोटी में है सच्चे सुख का मान।

जिस थाली में भोजन ज्यादा, उसमें भूखे का हिस्सा हो,
जिस आँगन में सुख की वर्षा, वहाँ दुखी का भी किस्सा हो।
बाँट-बाँटकर खाने से ही जीवन सुंदर होता है,
सेवा के छोटे कर्मों से मानव अमर होता है।

नारी का सम्मान जहाँ हो, वहीं सभ्यता मुस्काती,
श्रम करने वाले हाथों में खुशहाली मुस्काती।
लोभ-मोह और द्वेष मिटाकर सद्भावों को अपनाएँ,
घृणा की आँधी रोक प्रेम के नव-उपवन महकाएँ।

गुरुद्वारे की सेवा सिखलाती विनय और सत्कार,
लंगर का प्रसाद बताता समता का व्यवहार।
एक पंगत में बैठ सभी जब भोजन ग्रहण करें,
तब मानवता के सच्चे अर्थ जीवन में साकार हों।

आज जरूरत फिर नानक की वाणी को अपनाने की,
टूटे हुए हृदयों में विश्वास नया जगाने की।
धर्म बने सद्भाव का सेतु, न बने कभी दीवार,
प्रेम-सहिष्णुता से ही संभव सुंदर विश्व-विहार।

नानक की शिक्षाएँ बनें जीवन का आधार,
सत्य, कर्म और परोपकार से महके हर परिवार।
घर-घर में सद्भाव जगे और मिट जाए अज्ञान,
विश्व-पटल पर अमर रहे यह गुरु नानक का ज्ञान।

आओ आज प्रण करें हम सब, ऐसा जग बनवाएँ,
जहाँ न कोई भूखा सोए, न आँसू बहते पाएँ।
मन में नानक, कर्म में सेवा, वाणी में मधुर विचार,
गुरुपर्व की यही साधना—मानवता का जयकार!

—सत्य भूषण शर्मा
प्रवक्ता, पत्रकार, लेखक, कवि एवं यूट्यूबर
बी-107, दिव्य ज्योति अपार्टमेंट, न्यू भूपालपुरा, उदयपुर – 313001 (राजस्थान)
मोबाइल : 9414934304

स्व-घोषणा: यह कविता ‘नानक की ज्योति से जगमग हो संसार’ मेरी मौलिक, अप्रकाशित एवं अप्रसारित रचना है।

—सत्य भूषण शर्मा

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar