
महावीर समवशरण में धर्मसभा को किया संबोधित; मंगलवार को होगा चातुर्मास समापन समारोह
उदयपुर (शाबाश इंडिया)। जीवन की भागदौड़ में शरीर की जरूरतों को तो हम तत्काल पहचान लेते हैं, लेकिन आत्मा की पुकार अक्सर अनसुनी रह जाती है। देवेंद्र धाम स्थित महावीर समवशरण में सोमवार को आयोजित धर्मसभा में डॉ. सुरेन्द्र मुनि ने कहा कि शरीर एक मकान है और आत्मा उसकी वास्तविक स्वामी। जिस प्रकार मकान की बाहरी सजावट से अधिक आवश्यक उसकी आंतरिक मजबूती होती है, उसी प्रकार जीवन में शरीर की देखभाल के साथ आत्मिक शुद्धि और साधना को भी महत्व देना चाहिए।
आत्म-भवन की देखभाल भी जरूरी
उन्होंने कहा कि शरीर में पीड़ा होते ही मनुष्य चिकित्सक, दवा और उपचार की ओर दौड़ पड़ता है, लेकिन आत्म-भवन में उत्पन्न विकारों, अशांति और मोह की मरम्मत के लिए धर्म-साधना की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं देता। शरीर को अन्न, जल और वायु की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार आत्मा को पूजा, पाठ, स्वाध्याय, संयम और सद्विचारों का पोषण चाहिए।
वासना नहीं, साधना बने जीवन का पथ
डॉ. सुरेन्द्र मुनि ने कहा कि मृत्यु जीवन का अटल सत्य है, जिसे संसार के वैभव, साधन और संपत्ति भी रोक नहीं सकते। इसलिए जीवन का लक्ष्य केवल वासना, भोग और इंद्रिय-सुख नहीं होना चाहिए। जब मनुष्य वासना के स्थान पर साधना, भोग के स्थान पर त्याग और अहंकार के स्थान पर विनम्रता को अपनाता है, तभी उसे वास्तविक शांति का अनुभव होता है।
संसार की अंधी दौड़ से बाहर आने का संदेश
उन्होंने संसार की अंधी दौड़ को चक्रव्यूह बताते हुए कहा कि इसमें उलझा व्यक्ति अपने वास्तविक उद्देश्य से दूर होता जाता है। विवेक, वैराग्य और धर्माचरण ही ऐसे माध्यम हैं, जो मनुष्य को मोह-माया से निकालकर आत्मकल्याण की दिशा में अग्रसर कर सकते हैं।
‘लोगस्स स्तव’ की बताई महिमा
धर्मसभा में प्रवर्तक डॉ. राजेन्द्र मुनि ने चौबीस तीर्थंकरों की स्तुति रूप ‘लोगस्स स्तव’ की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने इसे मंगलकारी, पावन और आत्मकल्याण का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि इसके नियमित स्मरण से साधक के भीतर श्रद्धा, शांति और सात्विकता का विकास होता है। इस स्तव में निहित मंत्रों की आराधना पापों के क्षय और मोक्षमार्ग की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा देती है।
मंगलवार को होगा चातुर्मास समापन समारोह
सभा के अंत में उपाध्याय रमेश मुनि एवं दीपेश मुनि ने मंगलभाव प्रदान किए। संघ समाज ने जानकारी दी कि मंगलवार, 24 नवंबर को चातुर्मास समापन समारोह आयोजित होगा। इसमें गुरु भक्त श्रद्धा, कृतज्ञता और भक्ति के भावों के साथ पूज्य गुरुदेव के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करेंगे।
रिपोर्ट : सुमन जैन


