Tuesday, November 24, 2026

मौजी बंधन समारोह में देशभर से आए हजारों भक्तों के सिर पर हुआ संस्कारों का बीजारोपण

राष्ट्रसंत मुनि पुंगव सुधासागरजी महाराज ने दिया गंधोदक; आचार्य विद्यासागरजी के 54वें आचार्य पद दिवस पर 54 दीपों से हुई महाआरती

अंधकार में रास्ता दिखाकर आचार्य श्री ने श्रमण संस्कृति को पल्लवित किया : राष्ट्रसंत सुधासागरजी महाराज

इंदौर (शाबाश इंडिया)। आचार्य श्री विद्यासागरजी महाराज के 54वें आचार्य पद दिवस पर शहर की क्लर्क कॉलोनी स्थित अमृत सुधा सभागार में मौजी बंधन संस्कार समारोह का शुभारंभ संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागरजी महाराज के शिष्य निर्यापक श्रमण मुनि पुंगव श्री सुधासागरजी महाराज ससंघ के सान्निध्य में हुआ। समारोह में देशभर से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर बालकों और युवाओं को संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।

समारोह के प्रारंभ में बालिका मंडल ने नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद आचार्य श्री विद्यासागरजी महाराज एवं राष्ट्रसंत श्री सुधासागरजी महाराज के नवीन चित्रों का अनावरण किया गया। इस अवसर पर अनिल समैया, नरेश जैन, सूरज, अशोक नगर जैन समाज के मंत्री विजय धुर्रा, कमेटी अध्यक्ष नवीन आनंद गोधा, महामंत्री हर्ष जैन, मंत्री अक्षय कासलीवाल, कोषाध्यक्ष आकाश कोयला, सह कोषाध्यक्ष सौरभ बड़जात्या और संजय समारिया सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

चौवन दीपों से आचार्य भगवंत की महाआरती

मध्यप्रदेश महासभा संयोजक विजय धुर्रा ने कहा कि आज ही के दिन आचार्य भगवंत गुरुवर श्री विद्यासागरजी महाराज को आचार्य पद प्रदान किया गया था। इसी उपलक्ष्य में 54वें आचार्य पद दिवस को परम पूज्य श्रमण शिरोमणि श्री सुधासागरजी महाराज ससंघ और 18 पिच्छिकाओं के सान्निध्य में मौजी बंधन संस्कार समारोह के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देशभर से आए भक्तों का अभिनंदन कर सभी हर्षित हैं।

इस अवसर पर भक्तों ने आचार्य भगवंत की 54 दीपों से महाआरती की। इससे पूर्व सुबह भगवान की महापूजा और जगत कल्याण की कामना के लिए महाशांतिधारा की गई। शांतिधारा करने का सौभाग्य संजय जैन चक्रवर्ती, नवीन आनंद गोधा, रमेश चंद्र निर्वाण और अक्षय कासलीवाल सहित अन्य प्रमुख श्रद्धालुओं को मिला। इस दौरान अशोक जोशी, हर्ष जैन, धर्मेंद्र सिमकेम, संजय समारिया और राहुल स्पोर्ट्स सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

देशभर से आए बालकों और युवाओं को मिले संस्कार

मौजी बंधन समारोह के प्रमुख पात्रों में प्रथम गोधा, नवीन आनंद गोधा, सुशील कुमार, मुरली मनोहर जैन, तनिष जैन परिवार (इंदौर), सचिन जैन (आगरा) और आनंद जैन (खादू कॉलोनी, वासबाड़ा) शामिल रहे। इन्हें विधि नायक के रूप में संस्कार कराने का अवसर मिला। इसके बाद देशभर से पहुंचे बालकों और युवाओं पर 16 विभिन्न मंत्रों के माध्यम से मंत्रन्यास किया गया। कमेटी की ओर से सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। समारोह का संचालन अनुराग जैन ने किया।

संसार में कोई भी व्यक्ति पूर्णता धारण नहीं कर सकता : सुधासागरजी महाराज

धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि पुंगव श्री सुधासागरजी महाराज ने कहा कि संसार में कोई भी व्यक्ति पूर्णता को धारण नहीं कर सकता। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने उपादान को हर परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि संकट आने पर भगवान की भक्ति से कुछ राहत मिल सकती है, इसमें संदेह नहीं, लेकिन इससे संकट का स्थायी समाधान नहीं निकलता।

महाराजश्री ने कहा कि वे हमेशा पढ़ते रहते हैं, बल्कि पढ़ने से अधिक स्थायी समाधान की खोज करते रहते हैं। जीवन में स्वास्थ्य, भोजन और अन्य आवश्यकताओं से जुड़ी समस्याएं बार-बार सामने आती हैं। एक समस्या का समाधान होने के बाद दूसरी परिस्थिति आ जाती है। उन्होंने कहा कि संकट को हमेशा के लिए समाप्त करने का उपाय उन्हें भी अब तक नहीं मिला है। इसलिए मनुष्य को केवल संकट टालने की कामना नहीं करनी चाहिए, बल्कि उन्हें सहन करने और उनका सामना करने की क्षमता विकसित करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रवचन या उपदेश देते समय वही बात कहनी चाहिए, जिसे व्यक्ति स्वयं अपने जीवन में प्राप्त करने का प्रयास कर रहा हो। केवल ज्ञान प्राप्त करने का मार्ग केवली से जाना जा सकता है। मुनि बनने का मार्ग मुनि से जाना जा सकता है, लेकिन किसी अवस्था का वास्तविक अनुभव किए बिना उसका दावा नहीं करना चाहिए।

दान देने में सुपात्र का चयन जरूरी

मुनि श्री ने दान और ग्रहण करने के संदर्भ में कहा कि देने की बात आए तो सबसे पहले सुपात्र को दान देना चाहिए और कुपात्र को देने से बचना चाहिए। वहीं, लेने की बात आए तो जो भी मिले, उसे स्वीकार करने का भाव रखना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि गाय अपने घास से मतलब रखती है, उसे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि घास किसने डाली है।

उन्होंने गिरनार यात्रा का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि समुद्र में एक घोंघा करीब दो किलोमीटर तक जाता है और फिर वापस लौट आता है। यात्रा के दौरान वे समुद्र की एक शिला पर बैठे थे, तभी लहरों के साथ एक मूंगा रत्न आ गया। उसे देखकर मन में विचार आया कि किसी भक्त से कहकर उसे मंगवा लिया जाए, लेकिन अंततः उन्होंने अपने मन पर नियंत्रण रखा। उन्होंने कहा कि जब महाराज का मन भी डोल सकता है, तो सामान्य मनुष्य को सोना देखकर लालच आना स्वाभाविक है। इसलिए ज्ञान को सोने के समान समझकर उसका मूल्य पहचानना चाहिए।

महाराजश्री ने भगवान श्रीराम और लक्ष्मण का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि श्रीराम ने लक्ष्मण को ज्ञान प्राप्त करने के लिए रावण के पास भेजा था। वे जानते थे कि रावण पापी और अत्याचारी था, फिर भी उन्होंने छोटे भाई को विनयपूर्वक उससे ज्ञान लेने के लिए भेजा। इस प्रसंग से सीख मिलती है कि ज्ञान जहां से भी मिले, विनय के साथ उसे ग्रहण करना चाहिए।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar