
भजन-कीर्तन और मंगल गीतों के बीच महिलाओं ने निभाईं विवाह की पारंपरिक रस्में
अंबाह (शाबाश इंडिया)। नगर की माथुर वैश्य कॉलोनी स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में सोमवार को महिलाओं की ओर से तुलसी विवाह का आयोजन धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार तुलसी माता और भगवान शालिग्राम का विवाह विधि-विधानपूर्वक संपन्न कराया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विवाह की रस्मों के तहत तुलसी माता को दुल्हन की तरह सजाया गया, वहीं भगवान शालिग्राम को वर स्वरूप में विराजमान कर पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने मंगल गीत गाकर विवाह की पारंपरिक रस्में निभाईं। भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
महिलाओं ने तुलसी माता एवं भगवान शालिग्राम की आरती उतारकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की मंगलकामना की। विवाह समारोह में भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली। आयोजन के समापन पर महिलाओं ने एक-दूसरे को तुलसी विवाह की शुभकामनाएं दीं और प्रसाद वितरित किया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार तुलसी विवाह का विशेष महत्व है। इसे भगवान विष्णु के स्वरूप भगवान शालिग्राम और तुलसी माता के विवाह उत्सव के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि तुलसी विवाह के साथ ही विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों का शुभारंभ होता है। इस आयोजन के माध्यम से महिलाओं ने नई पीढ़ी को धार्मिक परंपराओं, संस्कारों और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह और सामूहिक सहभागिता देखते ही बन रही थी। सभी ने श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना कर आयोजन को सफल बनाया।
रिपोर्ट : मनोज जैन नायक


