Saturday, November 21, 2026

भावुक माहौल में आचार्य विहर्षसागरजी महाराज ससंघ का किशनगढ़ से मंगल विहार

चार माह तक धर्म, भक्ति और वात्सल्य की अमृतधारा से सराबोर रही धर्मनगरी; ऐतिहासिक चातुर्मास के समापन पर श्रद्धालुओं की आंखें हुईं नम

मदनगंज-किशनगढ़ (शाबाश इंडिया)। चार माह पूर्व 15 जुलाई को जब परम पूज्य राष्ट्रसंत आचार्य श्री 108 विहर्षसागरजी महाराज ससंघ का चातुर्मास के लिए किशनगढ़ की पावन धरा पर भव्य मंगल प्रवेश हुआ था, तब पूरा शहर उत्साह और उमंग से सराबोर था। वहीं, शनिवार को आर.के. कम्युनिटी सेंटर में ऐतिहासिक चातुर्मास के समापन एवं विदाई समारोह के अवसर पर भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं की आंखें नम थीं। कोई अपने आंसू रोकने का प्रयास कर रहा था, तो कोई हाथ जोड़कर यही प्रार्थना कर रहा था कि वात्सल्य की अमृतधारा एक बार फिर किशनगढ़ में लौटे। वातावरण में ‘रोको रे रोको गुरुवर को विहार से…’ जैसे भावपूर्ण स्वर गूंजते रहे।

विदाई समारोह का माहौल असीम आस्था, श्रद्धा और गुरु भक्ति से सराबोर रहा। आचार्यश्री की अंतिम मंगल देशना सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए।

आचार्यश्री ने अपनी अंतिम मंगल देशना में किशनगढ़वासियों की भक्ति, समर्पण और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि संत भले ही नगर से विहार कर जाएं, लेकिन भक्तों के हृदय से कभी दूर नहीं होते। जब भी उनका स्मरण किया जाएगा, वे अपने भक्तों के हृदय में ही मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि दूर-दूर की दिशाओं से आने वाले पक्षी भोर होते ही अपने गंतव्य की ओर उड़ जाते हैं। उसी प्रकार साधु-संत भी एक स्थान पर रहकर धर्म-साधना करते हैं और समय आने पर विहार कर जाते हैं। उन्होंने किशनगढ़ के चातुर्मास को अपने 32 चातुर्मासों में विशेष स्थान देते हुए कहा कि यहां का चातुर्मास सर्वश्रेष्ठ चातुर्मासों में रहा। सभी धार्मिक आयोजन अच्छे ढंग से संपन्न हुए। किशनगढ़ में आत्मा के साथ धर्म की भी प्रभावना हुई।

चार माह तक भक्ति और धर्म की बही अमृतधारा

किशनगढ़ में चार माह का चातुर्मास अनेक भव्य और ऐतिहासिक धार्मिक आयोजनों का साक्षी बना। मंगल कलश स्थापना से लेकर श्री पार्श्वनाथ भगवान मोक्ष कल्याणक महोत्सव, रक्षाबंधन विधान, पर्युषण महापर्व पर विभिन्न विधान, भव्य जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव तथा भगवान महावीर निर्वाण मोक्ष कल्याणक महोत्सव पर पावापुरी की भव्य रचना जैसे आयोजनों ने पूरे शहर को धर्ममय बना दिया।

चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु किशनगढ़ पहुंचे। आचार्यश्री के दर्शन, मंगल प्रवचन और आहारचर्या के अवसर पर आर.के. कम्युनिटी सेंटर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती रही। चार माह तक पूरा किशनगढ़ भक्ति और वात्सल्य के रंग में रंगा रहा। अंत में आयोजित भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह ने चातुर्मास की पूर्णाहुति को यादगार बना दिया।

भामाशाह एवं समाजजनों ने व्यक्त किए भाव

भामाशाह अशोक पाटनी ने भावुक होते हुए कहा कि आचार्यश्री का उपकार कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनसे मिला वात्सल्य और स्नेह हमेशा स्मरण रहेगा।

शांता पाटनी ने भावुक स्वर में पूछा कि गुरुवर अब वापस किशनगढ़ कब पधारेंगे। उन्होंने ‘उड़ गया पक्षी हरी-भरी डाल से…’ गीत के माध्यम से अपने भाव व्यक्त किए।

चातुर्मास के मुख्य संयोजक राजकुमार दोषी ने कहा कि इस ऐतिहासिक चातुर्मास का श्रेय भामाशाह आर.के. मार्बल पाटनी परिवार को जाता है। चातुर्मास के लिए स्थान का बहुत महत्व होता है और पाटनी परिवार की उदारता एवं सहयोग से ही यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि आचार्यश्री किशनगढ़ से अलविदा जरूर हो रहे हैं, लेकिन श्रद्धालुओं के दिलों से कभी विदा नहीं होंगे। उन्होंने चातुर्मास समिति के सभी सदस्यों एवं सहयोगियों का नाम लेकर आभार व्यक्त किया।

श्री मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन पंचायत के उपाध्यक्ष मांगीलाल झांझरी ने कहा कि संपूर्ण समाज आचार्यश्री का सदैव ऋणी रहेगा। पंचायत मंत्री प्रदीप गंगवाल ने पुनः किशनगढ़ में आचार्यश्री का चातुर्मास होने की मंगल भावना व्यक्त की।

पंचायत अध्यक्ष प्रकाश गंगवाल ने कहा कि आचार्यश्री के सान्निध्य में दीक्षा जयंती के अवसर पर उपाध्याय एवं प्रवर्तक पद प्रदान किए जाने जैसे ऐतिहासिक प्रसंग देखने का सौभाग्य मिला। समाज उनके उपकारों को कभी नहीं भूलेगा।

समाजसेवी संजय पापड़ीवाल ने कहा कि आचार्यश्री ने किशनगढ़ में अपनी अमिट छाप छोड़ी है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। समाजसेवी महेंद्र पाटनी ने कहा कि संपूर्ण किशनगढ़ जैन समाज को पुण्य उदय से ऐसा चातुर्मास प्राप्त हुआ, जो आर.के. मार्बल पाटनी परिवार की उदारता और सहयोग से संभव हो सका।

चातुर्मास की सफलता में पूरी टीम का रहा योगदान

इस ऐतिहासिक चातुर्मास के मुख्य संयोजक राजकुमार दोषी, वित्त संयोजक विमल पाटनी, श्री मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन पंचायत के उपाध्यक्ष मांगीलाल झांझरी, मंत्री प्रदीप गंगवाल, कोषाध्यक्ष अशोक पापल्या सहित पंचायत के समस्त पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, चातुर्मास समिति और उनकी पूरी टीम ने चार माह तक निरंतर समय, श्रम, सहयोग एवं समर्पण दिया। सभी के सामूहिक प्रयासों से चातुर्मास के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन भव्यता के साथ संपन्न हुए।

आचार्य श्री शांतिसागर स्मारक पर हुआ मंगल प्रवेश

किशनगढ़ से मंगल विहार के पश्चात आचार्य श्री 108 विहर्षसागरजी महाराज ससंघ ने जयपुर रोड स्थित आचार्य श्री शांतिसागर स्मारक पर मंगल प्रवेश किया। यहां आचार्य श्री शांतिसागर स्मारक ट्रस्ट के ट्रस्टियों सहित सकल दिगंबर जैन समाज ने भव्य अगवानी कर आचार्यश्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

आचार्यश्री का रात्रि विश्राम शांतिसागर स्मारक पर रहेगा। रविवार सुबह आहारचर्या भी यहीं संपन्न होगी। इसके पश्चात दोपहर में आचार्यश्री ससंघ 90 डिग्री के लिए मंगल विहार करेंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम होगा।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar