
चौथमलजी महाराज की जन्मजयंती से शुरू होंगे चातुर्मास के अंतिम आयोजन, सोमवार को विदाई समारोह, मंगलवार को लोकाशाह जयंती और 25 नवंबर को प्रथम विहार
भीलवाड़ा (शाबाश इंडिया)। जिनवाणी श्रवण की सार्थकता ज्ञान के संचय में नहीं, बल्कि आत्मा पर जमे मिथ्यात्व और कुसंस्कारों के आवरण हटाकर उसके मौलिक स्वरूप को प्रकट करने में है। धर्म का प्रभाव बाहरी आचरण से नहीं, बल्कि अंतर्मन में होने वाले परिवर्तन से परखा जाता है। जो श्रवण मनुष्य को उसकी वास्तविकता से परिचित नहीं करा सके, वह आत्मबोध का माध्यम नहीं बन सकता। ये विचार शांतिभवन में चातुर्मासार्थ विराजित श्रमणसंघीय युवाचार्य महेन्द्र ऋषिजी ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
भगवती सूत्र में वर्णित ‘सवणे नाणे’ का विवेचन करते हुए युवाचार्यश्री ने कहा कि ज्ञान आत्मा का मौलिक गुण है। जिनवाणी ज्ञान को बाहर से आरोपित नहीं करती, बल्कि अज्ञान के आवरण हटाकर उसकी अंतर्निहित शक्ति को प्रकट करती है। जिस प्रकार वस्त्र का मैल उतरने पर उसका वास्तविक रंग सामने आता है, उसी प्रकार सम्यक् श्रवण आत्मा को उसकी स्वाभाविक निर्मलता की ओर ले जाता है। भावों की विशुद्धि, संवर-निर्जरा और समभाव की जागृति ही इसकी प्रत्यक्ष उपलब्धियां हैं।
श्रवण की पात्रता स्पष्ट करते हुए उन्होंने चार प्रकार के घड़ों का दृष्टांत दिया। नीचे से टूटा घड़ा कुछ संजो नहीं सकता, लुढ़कते घड़े में डाली गई सामग्री बिखर जाती है और उल्टे घड़े में कुछ प्रवेश ही नहीं करता। केवल सीधा, अखंड और स्थिर घड़ा ही अपनी ग्रहणशीलता सिद्ध करता है। यही स्थिति श्रोता की भी है। एक ही वाणी सुनने के बावजूद सभी की उपलब्धि समान नहीं होती। चंचलता और उदासीनता ज्ञान को आत्मसात करने में बाधक बनती हैं। श्रवण की सफलता शब्दों की अधिकता में नहीं, बल्कि उन्हें ग्रहण करने की आंतरिक पात्रता में निहित है।
युवाचार्यश्री ने कहा कि मनुष्य की सबसे बड़ी भ्रांति शरीर, पद और प्रतिष्ठा को ही अपना वास्तविक अस्तित्व मान लेना है। जड़ और जीव का भेद भूलकर वह बाहरी पहचान में उलझ जाता है। शरीर उत्पाद और व्यय के अधीन है, जबकि आत्मा का अस्तित्व ध्रुव है। इस भेद का बोध हुए बिना आत्मज्ञान की दिशा में प्रगति संभव नहीं है। जिनवाणी मनुष्य के सामने उसके अस्तित्व का मूल प्रश्न रखती है कि वह वास्तव में कौन है।
जिनवाणी को अंतर्मन का दर्पण बताते हुए उन्होंने कहा कि दर्पण मनचाही छवि नहीं, बल्कि वास्तविक स्थिति दिखाता है। इसी प्रकार धर्म व्यक्ति के आडंबर और आचरण के बीच का अंतर उजागर करता है। दान के पीछे शोषण, ज्ञान के पीछे अहंकार और धर्मोपदेश के पीछे प्रतिष्ठा की लालसा हो, तो बाहरी धार्मिकता आत्मिक शुद्धि का प्रमाण नहीं बन सकती।
आचार्य रत्नाकर सूरीजी की आत्मालोचनात्मक रचना ‘रत्नाकर पच्चीसी’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दूसरों के सामने धर्मात्मा दिखाई देना सरल है, किंतु अपने अंतःकरण की वास्तविकता स्वीकार करना ही आत्मपरीक्षण की कसौटी है।
चातुर्मास समापन की चर्चा करते हुए युवाचार्यश्री ने कहा कि धार्मिक आयोजन की अवधि समाप्त हो सकती है, किंतु उससे अर्जित विवेक और संस्कारों की निरंतरता बनी रहनी चाहिए। महीनों का जिनवाणी श्रवण तभी सार्थक होगा, जब व्यक्ति मिथ्यात्व से सम्यक् दृष्टि, विभाव से समभाव और बाहरी पहचान से आत्मबोध की ओर अग्रसर हो। यही चातुर्मास की स्थायी आध्यात्मिक उपलब्धि है।
इससे पूर्व साध्वी सुमनप्रभाजी ने कहा कि भक्ति की वास्तविक उपलब्धि आत्मा में निहित परमात्म स्वरूप को प्रकट करने में है। भगवान केवल आराधना का विषय नहीं, बल्कि आत्मिक उत्कर्ष के आदर्श हैं। भक्ति जब समर्पण और आचरण में उतरती है, तभी वह भक्त को भगवान और जीव को शिव बनने की दिशा में अग्रसर करती है।
श्रीसंघ अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद चीपड़ एवं चातुर्मास संयोजक कंवरलाल सूरिया ने बताया कि धर्मसभा में देश के विभिन्न प्रांतों से पहुंचे गुरुभक्तों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। चातुर्मास के समापन कार्यक्रमों के तहत रविवार को चौथमलजी महाराज की जन्मजयंती मनाई जाएगी। सोमवार को चातुर्मास विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित होगा। मंगलवार को लोकाशाह जयंती मनाई जाएगी, जबकि 25 नवंबर को युवाचार्य महेन्द्र ऋषिजी एवं साध्वीवृंद का शांतिभवन से प्रथम विहार होगा।
प्रवक्ता : सुनील चपलोत
मोबाइल : 9414730514
शांतिभवन, भोपालगंज, भीलवाड़ा


