Friday, November 13, 2026

मेवाड़ की धरती पर गूंजेगी संगीत की वैश्विक धुन, उदयपुर में पहली बार रिकी केज की ‘द अर्थ सिम्फनी’

15 नवंबर को डीपीएस ग्राउंड में सजेगा सृजन सम्मान समारोह, सात प्रतिष्ठित हस्तियों को मिलेंगे ‘कला प्रेरक अवॉर्ड’

उदयपुर (शाबाश इंडिया)। झीलों के शांत जल और अरावली की गोद में बसी उदयपुर की सांस्कृतिक चेतना रविवार को एक नई ऊंचाई छूने जा रही है। 15 नवंबर की शाम दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) ग्राउंड में सुरों, संवेदनाओं, सम्मान और सृजनशीलता का अनूठा आयोजन होगा। इसमें पहली बार तीन बार के ग्रैमी विजेता एवं पद्मश्री सम्मानित अंतरराष्ट्रीय संगीतकार रिकी केज अपनी विशिष्ट प्रस्तुति से शहरवासियों को संगीत की वैश्विक यात्रा पर ले जाएंगे।

अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक एवं संगीत संस्था ‘सृजन द स्पार्क’ की ओर से बिजय कुमार सुराणा फाउंडेशन और हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के सहयोग से आयोजित यह भव्य समारोह शाम 6 बजे शुरू होगा। यह कार्यक्रम केवल मनोरंजन की संध्या नहीं, बल्कि कला के प्रति समर्पण, पर्यावरण के प्रति संवेदना और प्रतिभाओं के सम्मान का उत्सव भी होगा।

शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के सीईओ अमरेन्दु प्रकाश ने बताया कि समारोह का प्रमुख आकर्षण रिकी केज की संगीतमय प्रस्तुति ‘द अर्थ सिम्फनी’ होगी। यह प्रस्तुति पृथ्वी, प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को संगीत की भाषा में अभिव्यक्त करेगी। अपनी विश्वप्रशंसित रचनाओं के माध्यम से रिकी केज दर्शकों को यह अनुभूति कराएंगे कि संगीत केवल सुनने का माध्यम नहीं, बल्कि मनुष्य और प्रकृति के बीच संवाद का संवेदनशील जरिया भी है।

इस अवसर पर रिकी केज को संगीत एवं कला के क्षेत्र में उनके अंतरराष्ट्रीय योगदान के लिए ‘हिंदुस्तान जिंक सृजन लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड-2026’ प्रदान किया जाएगा।

सात विशिष्ट हस्तियों को मिलेंगे सृजन कला प्रेरक अवॉर्ड

समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली सात विशिष्ट हस्तियों को ‘सृजन कला प्रेरक अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया जाएगा।

सृजन द स्पार्क एपेक्स के अध्यक्ष राजेश खमेसरा ने बताया कि सेलो ग्रुप के चेयरमैन प्रदीप राठौड़ को ‘सृजन बिजनेस आइकन अवॉर्ड’, सुप्रसिद्ध वायलिन वादक दीपक पंडित को ‘सृजन वी.डी. पलुस्कर अवॉर्ड’, प्रख्यात शायर एवं गायक डॉ. हरिओम, आईएएस को ‘सृजन अमीर खुसरो अवॉर्ड’ तथा शिक्षाविद् एवं कला संरक्षक सुधीर तिवारी को ‘सृजन ओंकारनाथ ठाकुर अवॉर्ड’ प्रदान किया जाएगा।

संस्था के पूर्वाध्यक्ष श्याम एस. सिंघवी ने बताया कि जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी के वाइस चेयरमैन अमित अग्रवाल को ‘सृजन नंदलाल बोस अवॉर्ड’, इंदिरा आईवीएफ के प्रमोटर एवं फिल्म निर्माता डॉ. अजय मुर्डिया को ‘सृजन खेमचंद प्रकाश अवॉर्ड’ तथा प्रसिद्ध गायक एवं दंत चिकित्सक डॉ. समीर शर्मा को ‘सृजन मास्टर मदन अवॉर्ड’ से अलंकृत किया जाएगा।

कला और संगीत को नई पीढ़ी से जोड़ने का प्रयास

संस्था के संरक्षक प्रसन्न खमेसरा ने कहा कि ‘सृजन द स्पार्क’ भारतीय शास्त्रीय संगीत, गजल, वाद्य संगीत, साहित्य और ललित कलाओं को नई पीढ़ी से जोड़ने के लिए निरंतर सक्रिय है। संस्था से शैलेश लोढ़ा, पद्मश्री अनूप जलोटा, उस्ताद अहमद हुसैन-मोहम्मद हुसैन, पद्मश्री आनंदन शिवमणि और पं. रोनू मजूमदार जैसी विभूतियां जुड़ी हैं।

उदयपुर में कला एवं संगीत अकादमी स्थापित करने की योजना भी संस्था की दूरदर्शी पहल का हिस्सा है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को व्यवस्थित प्रशिक्षण और व्यापक मंच मिलने की उम्मीद है।

संस्था के अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि आयोजन में प्रवेश और पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इसके लिए शहर के निर्धारित केंद्रों से प्रवेश पास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। रविवार की यह शाम उदयपुर के सांस्कृतिक इतिहास में सुरों से लिखा जाने वाला यादगार अध्याय बनने जा रही है।

रिपोर्ट : राकेश शर्मा ‘राजदीप’

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar