Friday, November 13, 2026

कहरवा की लय में शिल्पग्राम ने रची लोक, राग और आधुनिक सुरों की नई दुनिया

डॉ. विजय सिद्ध के निर्देशन में ‘शरद रंग’ की दूसरी शाम परंपरा और प्रयोग के बीच रचा आत्मीय संगीत-संवाद

उदयपुर (शाबाश इंडिया)। हवाला ग्राम स्थित शिल्पग्राम का मुक्ताकाशी रंगमंच शुक्रवार शाम ऐसी सांगीतिक चौपाल में बदल गया, जहां राजस्थान की मिट्टी की महक, रागों की संवेदना और आधुनिक वाद्यों की ध्वनियां एक ही लय में गूंज उठीं। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर के चार दिवसीय ‘शरद रंग’ की दूसरी शाम ‘कहरवा फ्यूजन’ ने श्रोताओं को धुनों के माध्यम से लोक से शास्त्रीय और शास्त्रीय से समकालीन संगीत तक की सुरीली यात्रा कराई। हर प्रस्तुति ने भारतीय संगीत की एक नई सांस्कृतिक परत को सामने रखा।

ताल बनी संस्कृतियों का सेतु

अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त तबला वादक डॉ. विजय सिद्ध की परिकल्पना और निर्देशन में पूरी प्रस्तुति का केंद्र आठ मात्राओं वाली कहरवा ताल रही। डॉ. सिद्ध ने इसे विश्व की प्राचीनतम और सबसे लोकप्रिय तालों में से एक बताते हुए कहा कि इसकी सरल, चंचल और गतिमान प्रकृति गंभीर शास्त्रीय रचनाओं को भी श्रोताओं के करीब ले आती है। प्रस्तुति में परंपरा का अनुशासन और लोक की आत्मीयता एक-दूसरे के पूरक बनकर उभरे।

मांड की महक से सूफी रंग तक

कार्यक्रम की शुरुआत मेवाड़ की पहचान मांड ‘केसरिया बालम’ पर आधारित ‘मांड कहरवा’ से हुई। इसके बाद राग देस पर आधारित ‘देस कहरवा’, लोकगीत ‘हिचकी’ पर लोक कहरवा और बुल्ले शाह के कलाम ‘इश्क में सर न दिया’ ने संगीत के विविध रंग बिखेरे। राग जोग पर आधारित ‘जोग कहरवा’ में गंभीरता का भाव उभरा, वहीं ‘कहरवा फॉर विक्ट्री’ ने वीर रस की गूंज के साथ परिसर में उत्साह भर दिया।

रागों की रेखा पर जुगलबंदी

राग भोपाली और लोकगीत ‘गोरबंद’ के सम्मिश्रण से तैयार ‘भोपाली कहरवा’ श्रोताओं के लिए खास आकर्षण रहा। अनेक तालवाद्यों के संवाद से सजी ‘सबरंग कहरवा’ और राग यमन पर सूफी रचना ‘छाप तिलक सब छीनी’ पर आधारित ‘सूफी कहरवा’ ने संध्या को यादगार बना दिया। इस प्रस्तुति में एक ही ताल ने भाषा, क्षेत्र और संगीत शैली की सीमाओं को पार करते हुए साझा सांगीतिक अनुभूति का रूप ले लिया।

मंच पर साजों का जीवंत संवाद

डॉ. विजय सिद्ध के साथ शास्त्रीय गायक पं. रमेश मेवाल, लोक गायक उस्ताद बुंदू खां लंगा और सितार वादक पं. हरिहरशरण भट्ट ने स्वर और रागों की गरिमा को विस्तार दिया। ड्रम पर योगेश शर्मा, गिटार पर जतिन वर्मा और की-बोर्ड पर एस. वल्लू ने आधुनिक ध्वनियों का समावेश किया। मोरचंग और भपंग पर हाकिम खां, खड़ताल पर सोनू खां लंगा तथा ढोलक पर बरकत खां ने लोक संगीत की धड़कन को जीवंत बनाए रखा। तबला, सितार और देशज वाद्यों के साथ ड्रम, गिटार और की-बोर्ड का संगम इस फ्यूजन की खास पहचान रहा।

उत्सव की सोच हुई साकार

केंद्र निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने कहा कि पारंपरिक और आधुनिक वाद्यों के अभिनव संयोजन ने ‘शरद रंग’ की दूसरी संध्या को स्मरणीय बना दिया। उन्होंने कहा कि उत्सव का उद्देश्य विभिन्न कलारूपों को एक मंच पर लाकर उनके बीच परस्पर संवाद की संभावनाएं विकसित करना है। ‘कहरवा फ्यूजन’ ने इसी सोच को प्रभावी सांगीतिक अभिव्यक्ति दी। यह प्रयोग भारतीय संगीत की जीवंतता और नए रूपों को अपनाने की क्षमता का भी प्रमाण बना।

शिल्पग्राम में आमजन के लिए प्रतिदिन शाम 6 बजे से प्रवेश निःशुल्क है।

हास्य कवि सम्मेलन आज

उत्सव की तीसरी शाम शनिवार, 14 नवंबर को ख्यात हास्य कवि अरुण जैमिनी सहित अन्य कवियों का कवि सम्मेलन आयोजित होगा।

लजीज व्यंजनों का उत्सव जारी

शिल्पांगन में 15 नवंबर तक खाद्य उत्सव जारी रहेगा। यहां दाल-बाटी-चूरमा, लखनवी गलावटी वेज कबाब, जगन्नाथपुरी प्रसाद, पश्चिम बंगाल की पीठा-पुली, बिहार का लिट्टी-चोखा, हरियाणवी जलेबा, पंजाब का अमृतसरी कुलचा, उत्तर प्रदेश की चाट और अवध की मिठाइयां, गुजरात का पातरा, महाराष्ट्र की पूरनपोली, उत्तराखंड की सेल रोटी-चटनी तथा हैदराबादी बिरयानी सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों के व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar