
जयपुर | शाबाश इंडिया।
दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सम्यक का सामूहिक क्षमावाणी कार्यक्रम परम पूज्य आचार्य श्री 108 आदित्य सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में राणा जी की नसिया, चूलगिरी में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। आचार्यश्री ससंघ वर्तमान में राणा जी की नसिया, चूलगिरी में विराजमान हैं।
सम्यक ग्रुप के सभी सदस्य प्रातः 10 बजे राणा जी की नसिया, चूलगिरी पहुंचे और आचार्यश्री की आहार चर्या के दर्शन किए। इस दौरान ग्रुप के कुछ सदस्यों ने आचार्यश्री को आहार प्रदान कर पुण्यार्जन किया। ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. इन्द्र कुमार-स्नेह जैन एवं सचिव नवल-सुनीता जैन ने भी आचार्यश्री को आहार देकर पुण्यार्जन किया।
आहार चर्या के बाद सभी सदस्यों ने राणा जी की नसिया स्थित जिनालय तथा समीपस्थ शांतिनाथ भगवान के मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद सभी भट्टारक जी की नसिया पहुंचे, जहां जिन दर्शन कर भगवान की भावपूर्ण भक्ति की और पुण्यार्जन किया।
भट्टारक जी की नसिया स्थित भोजनशाला में ग्रुप के सदस्यों के लिए सामूहिक वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया। सदस्यों ने आपसी प्रेम, सौहार्द और आत्मीयता के साथ वात्सल्य भोज का आनंद लिया।
कार्यक्रम के दौरान सम्यक ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. इन्द्र कुमार जैन ने सभी सदस्यों से भविष्य में भी इसी प्रकार धार्मिक आयोजनों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने मन, वचन और कर्म से जाने-अनजाने हुई भूलों के लिए सभी से क्षमा याचना की। इस अवसर पर ग्रुप के सदस्यों ने भी एक-दूसरे से क्षमा मांगते हुए ‘मिच्छामि दुक्कड़म्’ कहा।
समापन अवसर पर ग्रुप के सचिव नवल जैन ने सभी सदस्यों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम में सदस्यों की सहभागिता के लिए आभार जताते हुए भविष्य में भी धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया।
सामूहिक क्षमावाणी के माध्यम से सम्यक ग्रुप के सदस्यों ने आपसी प्रेम, मैत्री, सौहार्द और धार्मिक भावना को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया।


