
ऐलनाबाद | शाबाश इंडिया।
एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी खिलाड़ी एवं ओलंपियन पद्मश्री सविता पूनिया और राजिंदर सिंह का सिरसा में जिला प्रशासन एवं खेल विभाग की ओर से भव्य अभिनंदन किया गया। स्थानीय शहीद भगत सिंह स्टेडियम में आयोजित सम्मान समारोह में दोनों खिलाड़ियों के पहुंचने पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल सहित अन्य गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों के साथ पहुंचे उनके परिजनों का भी सम्मान किया।
सम्मान समारोह में पद्मश्री सविता पूनिया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि अभिभावकों को बच्चों पर भरोसा करते हुए उन्हें खेलों से जोड़ना चाहिए। वहीं बच्चों को भी पूरी मेहनत और समर्पण के साथ अपने खेल पर ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने से सफलता हासिल की जा सकती है।
सविता पूनिया ने अपने खेल करियर में पिता के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वह कई बार चोटिल हुईं, लेकिन हर बार नए आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरीं। यह उनका चौथा एशियाई खेल था। उन्होंने बताया कि पूरी टीम जीत के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरी और कठिन मुकाबले के बावजूद हौसले के दम पर स्वर्ण पदक हासिल करने में सफल रही।
उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को खेलों की ओर प्रोत्साहित करने का आह्वान करते हुए कहा कि खेलों में युवाओं के लिए उज्ज्वल भविष्य की संभावनाएं हैं।
वहीं भारतीय हॉकी टीम के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी राजिंदर सिंह ने अपने खेल सफर को साझा करते हुए बताया कि प्राथमिक शिक्षा के दौरान ही उनका जुड़ाव हॉकी से हो गया था। उनके गांव में एक संस्था द्वारा हॉकी नर्सरी संचालित की जा रही थी, जहां उन्हें खेलने का अवसर मिला। स्कूल स्तर पर ही उन्होंने हॉकी को अपना करियर बनाने का निर्णय लिया और लगातार मेहनत करते हुए आगे बढ़े।
समारोह में खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। दोनों खिलाड़ियों ने युवा खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
रिपोर्ट: रमेश भार्गव


