
जयपुर | शाबाश इंडिया।
जवाहर नगर सेक्टर-2 स्थित सरस्वती बालिका उच्च माध्यमिक विद्या मंदिर में 10 अक्टूबर 2026, शनिवार को वार्षिक उत्सव ‘शंखनाद’ का आयोजन किया जाएगा। आदर्श शिक्षा परिषद् समिति, जयपुर द्वारा संचालित विद्या भारती विद्यालय में होने वाला यह समारोह शाम 6:15 बजे से शुरू होगा। सुर-ताल, संस्कृति और संस्कारों से सजी इस शाम में छात्राएं अपनी विविध प्रतिभाओं का प्रदर्शन करेंगी।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार समारोह की अध्यक्षता प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी नितिन गर्ग (सीए) करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में महेश भगवती बल्दवा फाउंडेशन की चेयरपर्सन एवं श्री कार्तिकेय ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज की सीएमडी भगवती बल्दवा उपस्थित रहेंगी। राजस्थान सरकार के वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी विशिष्ट अतिथि होंगे।
विद्या भारती राजस्थान के संगठन मंत्री गोविन्द कुमार मुख्य वक्ता के रूप में छात्राओं, अभिभावकों और प्रबुद्धजनों को संबोधित करेंगे। आयोजन को केवल वार्षिक समारोह तक सीमित न रखते हुए शिक्षा, संस्कार और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने की विशेष तैयारी की गई है।
‘गूंजेगा जब सुर-ताल का संगीत, हर्षित होगा हर मन और हर मीत… प्रतिभा का होने जा रहा है शंखनाद’ की भावभूमि पर आयोजित इस उत्सव में छात्राएं सांस्कृतिक, रचनात्मक और कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रस्तुतियों में भारतीय संस्कृति, सामाजिक सरोकार और विद्यालयीन जीवन की सृजनात्मक झलक देखने को मिलेगी।
समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने में विद्यालय के संरक्षक राधेश्याम अग्रवाल एवं सम्पतलाल सुराना, अध्यक्ष अरुण सोमानी, व्यवस्थापक डॉ. देवेन्द्र व्यास, प्रधानाचार्या रेखा पारीक सहित विद्यालय परिवार सक्रिय रूप से जुटा हुआ है।
विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों से समारोह में शामिल होकर छात्राओं का उत्साह बढ़ाने की अपील की है। आयोजन को लेकर विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्ट : रेखा पारीक


