Wednesday, October 7, 2026

कंवरलाल पाटनी की श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब, देवनानी ने दी श्रद्धांजलि तो पूनिया ने कहा—संस्कारों की विरासत छोड़ गए

किशनगढ़ | शाबाश इंडिया।

प्रसिद्ध उद्योगपति, भामाशाह एवं समाजसेवी कंवरलाल पाटनी की स्मृति में सोमवार को आरके कम्युनिटी सेंटर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक एवं उद्योग जगत से जुड़े लोगों सहित बड़ी संख्या में शहरवासियों और समाजबंधुओं ने पहुंचकर दिवंगत कंवरलाल पाटनी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने श्रद्धांजलि सभा में पहुंचकर कंवरलाल पाटनी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और पाटनी परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि कंवरलाल पाटनी ने अपने संस्कारों से न केवल परिवार, बल्कि पूरे समाज को सींचा। उनका व्यक्तित्व और योगदान आमजन के दिलों में हमेशा स्मरणीय रहेगा।

भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि कंवरलाल पाटनी अपने पीछे संस्कारों की ऐसी विरासत छोड़ गए हैं, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।

सभा में जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, पूर्व मंत्री शांति धारीवाल, भाजपा नेता अरुण चतुर्वेदी, विधायक अनिता भदेल, विधायक विकास चौधरी, पूर्व विधायक कृष्णा पूनिया, पूर्व विधायक सुरेश टांक, नाथूराम सिनोदिया सहित कई जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर आचार्य विहर्षसागर महाराज ने कहा कि कंवरलाल पाटनी ने संयम और नियम के माध्यम से अपने कृतित्व की ऐसी सुगंध बिखेरी कि उन्होंने मृत्यु को भी महोत्सव बना दिया। उन्होंने कहा कि पाटनी का योगदान केवल जैन समाज तक सीमित नहीं था, बल्कि हर समाज उन्हें लंबे समय तक याद रखेगा।

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कंवरलाल पाटनी के समाजसेवा, परोपकार, सहयोग और जनकल्याण के कार्यों को स्मरण किया। मार्बल उद्योग के साथ सामाजिक क्षेत्र में पाटनी परिवार के योगदान का भी उल्लेख किया गया।

सभा में बड़ी संख्या में उद्योगपति, व्यापारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने पाटनी परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उपस्थित लोगों ने कंवरलाल पाटनी के निधन को किशनगढ़ के सामाजिक एवं औद्योगिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

रिपोर्ट: रोहित जैन

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar