Tuesday, October 6, 2026

तप की आभा से दमका हिरण मगरी, 149 तपस्वियों का बहुमान; महापौर पारस सिंघवी सहित सात जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन

उदयपुर | शाबाश इंडिया।

धर्म, तप, सामाजिक चेतना और जनसेवा के सम्मान का अनूठा संगम सोमवार को हिरण मगरी में देखने को मिला। सेक्टर-3 स्थित श्री नेमीनाथ जैन मंदिर परिसर तपस्वियों के जयकारों से गूंज उठा, जब चातुर्मास के दौरान कठोर संयम और उपवास साधना करने वाले 149 तपस्वीजनों का सामूहिक बहुमान किया गया। इसी अवसर पर नवनिर्वाचित महापौर पारस सिंघवी सहित जैन समाज से निर्वाचित सात जनप्रतिनिधियों का भी भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया।

हिरण मगरी उपनगरीय परिक्षेत्रीय सकल जैन समाज के संगठन महावीर जैन जागृति परिषद की ओर से आयोजित समारोह में धर्म और समाजसेवा को एक सूत्र में पिरोने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रमेश राठोड़िया, अमित जैन लोलावत एवं श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रमण संघ के अध्यक्ष अशोक चौहान रहे।

परिषद अध्यक्ष डॉ. हिम्मतलाल वया और महिला मंडल अध्यक्षा वंदना बाबेल ने अतिथियों एवं समाजजनों का स्वागत किया। कोर कमेटी सदस्य राजेंद्र अखावत ने परिषद की सामाजिक, धार्मिक एवं लोककल्याणकारी गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। वरिष्ठ सदस्य सुशील बाठिया ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से शहर और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

समारोह का सबसे भावपूर्ण क्षण तपस्वियों के अभिनंदन का रहा। 76 उपवास की कठिन साधना पूर्ण करने वाले अजय दक तथा 30 उपवास के मासक्षमण की साधना करने वाले सोनू जैन का विशेष बहुमान किया गया। इनके साथ अठाई अर्थात आठ उपवास से लेकर इससे अधिक अवधि की तपस्या करने वाले कुल 149 साधकों को उपरणा, शॉल, सम्मान-पत्र एवं विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया। तप और संयम के प्रति अनुमोदना व्यक्त करते हुए समाजजनों ने जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

परिषद सचिव अरुण कुमार बया ने बताया कि महापौर पारस सिंघवी के साथ पार्षद प्रमोद सामर, यशवंत आंचलिया, किरण जैन, राजेंद्र गखरेजा, तारा सुहालका और विशाखा खवास का साफा पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया।

इसी अवसर पर परिषद ने सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में नई पहल की घोषणा की। कोर कमेटी सदस्य राजेंद्र डागा ने बताया कि 25 अक्टूबर को युवाओं के लिए ‘रिश्तों की नाजुक डोर’ विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित होगी। इसमें बदलती जीवनशैली के बीच पारिवारिक मूल्यों और रिश्तों में संवाद की अहमियत पर मंथन किया जाएगा।

समारोह की व्यवस्थाओं में परिषद की कोर कमेटी, महिला मंडल, युवा एवं विभिन्न क्षेत्रीय संघों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। संचालन रीना तलेसरा ने किया और आभार दिनेश नंदावत ने व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक स्वामीवात्सल्य के साथ हुआ।

रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar