
जामनगर | शाबाश इंडिया।
देशभर में जरूरतमंद जानवरों की मदद को विस्तार देने के उद्देश्य से अनंत अंबानी ने ‘चैंपियंस ऑफ केयर’ मुहिम शुरू की है। वनतारा की इस पहल से देशभर के 50 से अधिक पशु कल्याण संगठन जुड़े हैं। मुहिम के जरिए हर साल करीब 20 लाख जानवरों तक इलाज, रेस्क्यू, शेल्टर, भोजन और लंबे समय की देखभाल जैसी सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य है।
मुहिम के दायरे में सड़कों पर रहने वाले कुत्ते-बिल्लियों के साथ छोड़े गए या घायल जानवर, मवेशी, गधे और घोड़े भी शामिल होंगे। जरूरत के अनुसार पशु कल्याण संगठनों को एंबुलेंस, रेस्क्यू उपकरण, उपचार एवं जांच से जुड़ी मशीनें, शेल्टर और प्रशिक्षण जैसी सुविधाओं में सहयोग दिया जाएगा।
अनंत अंबानी ने कहा कि हर दिन बहुत से लोग सीमित संसाधनों के बावजूद जरूरतमंद जानवरों की देखभाल कर रहे हैं। ‘चैंपियंस ऑफ केयर’ के माध्यम से इन लोगों और संगठनों के साथ खड़े होकर उनके प्रयासों को और मजबूत करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि उनके लिए यही ‘एवरी लाइफ मैटर्स’ का वास्तविक अर्थ है।
वनतारा और मुहिम से जुड़े पशु कल्याण संगठनों ने मिलकर काम करने के लिए एक सहमति पत्र पर भी हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत संगठन आपस में जानकारी, अनुभव और संसाधन साझा करेंगे, ताकि जरूरतमंद जानवरों की मदद करने वाले संगठनों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर सहयोग उपलब्ध कराया जा सके।
6 अक्टूबर 2026 को जामनगर से शुरू की गई यह पहल पशु कल्याण के क्षेत्र में काम कर रहे संगठनों के बीच सहयोग और संसाधनों को मजबूत करने की दिशा में एक नई पहल के रूप में सामने आई है।


