
इंदौर | शाबाश इंडिया।
वीआईपी रोड स्थित दलाल बाग परिसर में निर्मित विद्या-सुधा मंडप में राष्ट्रसंत मुनिश्री सुधासागर महाराज के सानिध्य में चल रहे चातुर्मास महोत्सव के तहत 4 और 5 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्तर का जैन महिला अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन में देश के 97 शहरों से 3,800 से अधिक महिलाओं का पंजीयन हो चुका है, जबकि पूरे आयोजन में 5 हजार से अधिक मातृशक्ति के शामिल होने की उम्मीद है।
महिला परिषद की संभागीय अध्यक्ष श्रीमती मुक्ता जैन ने बताया कि इस अधिवेशन को ‘महिलाओं का महाकुंभ’ नाम दिया गया है। यह देश का 31वां राष्ट्रीय महिला अधिवेशन होगा। आयोजन समिति की प्रमुख श्रीमती शीला डोडिया एवं सुशीला पाटनी ने बताया कि दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान 5 अक्टूबर को महिलाओं की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति और परंपराओं को दर्शाती सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
अधिवेशन के दोनों दिनों में महिलाओं से जुड़े विभिन्न सामयिक एवं ज्वलंत विषयों पर विचार-मंथन किया जाएगा। सम्मेलन में गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश सहित चार राज्यों के 97 शहरों से महिलाएं शामिल होंगी।
आयोजन से जुड़ी महिला मंडलों, महिला परिषदों तथा महिला प्रकोष्ठ दिगम्बर जैन समाज सामाजिक संसद की अध्यक्ष साधना दगड़े, रुचि गोधा एवं संगीता बाकलीवाल ने बताया कि शहर के विभिन्न महिला मंडलों और महिला परिषदों से जुड़ी मातृशक्ति भी अधिवेशन में शामिल होकर अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी। महिलाओं के लिए आकर्षक एवं अनूठी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले श्रेष्ठ 10 महिला मंडलों का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।
सकल दिगम्बर जैन धर्म प्रभावना समिति के पदाधिकारियों ने समाज के सभी महिला संगठनों से आह्वान किया कि वे इस राष्ट्रीय सम्मेलन में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाएं।


