
जयपुर | शाबाश इंडिया।
राजस्थान जैन सभा जयपुर के तत्वावधान में रविवार, 4 अक्टूबर को टोंक रोड स्थित मुंशी महल कमल एंड कंपनी परिसर में सकल दिगम्बर जैन समाज का सामूहिक क्षमावाणी समारोह आयोजित किया जाएगा। जयपुर में प्रवासरत दिगम्बर जैन संतों एवं आर्यिका माताजी के सानिध्य में होने वाले इस समारोह में 10 दिन या उससे अधिक दिनों के उपवास करने वाले 101 त्यागी व्रतियों का अभिनंदन किया जाएगा।
समारोह के बहुरंगी पोस्टर का विमोचन शुक्रवार को मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ ने किया। इस अवसर पर राजस्थान जैन सभा के अध्यक्ष सुभाष चंद जैन, उपाध्यक्ष एवं समारोह के मुख्य संयोजक विनोद जैन कोटखावदा, मुख्य समन्वयक अशोक जैन नेता, कीर्ति नगर दिगम्बर जैन मंदिर के अध्यक्ष एवं पार्षद प्रेम कुमार जैन सहित समाज के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सभा के अध्यक्ष सुभाष चंद जैन एवं महामंत्री मनीष बैद ने बताया कि समारोह से पूर्व सुबह 7.15 बजे कीर्ति नगर स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से 101 त्यागी व्रतियों की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। बैंड-बाजों के साथ बग्घियों में सवार त्यागी व्रती टोंक रोड होते हुए मुंशी महल कमल एंड कंपनी परिसर स्थित समारोह स्थल पहुंचेंगे।
मुंशी महल में दिगम्बर जैन संतों एवं आर्यिका माताजी के सानिध्य में धर्मसभा होगी। मुख्य समन्वयक अशोक जैन नेता एवं मुख्य संयोजक विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि समारोह में समाज श्रेष्ठी कांता देवी तथा राजन-शिप्रा बज दीप प्रज्ज्वलन करेंगे। डॉ. ललित जैन मुख्य अतिथि होंगे, जबकि समाज श्रेष्ठी सरोज देवी एवं जितेंद्र छाबड़ा समारोह की अध्यक्षता करेंगे। समाज श्रेष्ठी वीरचंद, गजेंद्र, अजय, प्रवीण एवं विकास बड़जात्या पाद पक्षालन करेंगे। मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ गौरवमयी अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
राजस्थान जैन सभा जयपुर को प्राप्त जानकारी के अनुसार, 32 दिन के सोलह कारण व्रत करने वाले पांच त्यागी व्रतियों—सिविल लाइंस के अशोक बगड़ा, केसर चौराहा के दिलीप कासलीवाल, चौमूं की डॉ. करुणा जैन, आदर्श नगर के पीयूष जैन एवं मानसरोवर की सुधा बिलाला—का विशेष अभिनंदन किया जाएगा। इनके साथ 16 दिन के उपवास करने वाले 14 तथा 10 दिन के उपवास करने वाले 82 त्यागी व्रतियों का भी सम्मान होगा।
सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप जैन ने बताया कि समारोह की व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। कार्यक्रम में जयपुर में प्रवासरत दिगम्बर जैन संतों एवं आर्यिका माताजी के मंगल प्रवचन होंगे।
समारोह के समापन पर समाजबंधुओं के लिए सामूहिक वात्सल्य सहभोज की व्यवस्था भी रहेगी।
रिपोर्ट: विनोद जैन कोटखावदा, उपाध्यक्ष, राजस्थान जैन सभा जयपुर


