
जयपुर | शाबाश इंडिया।
साँगानेर स्थित सुबोध पब्लिक स्कूल, एयरपोर्ट के पास में 19 अगस्त 2026 को कक्षा III से XII तक के विद्यार्थियों के लिए ब्रह्माकुमारीज़ टीम द्वारा ध्यान एवं प्रेरणात्मक सत्र का आयोजन किया गया। प्रार्थना सभा में आयोजित इस ज्ञानवर्धक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता ब्रह्माकुमारीज़ की वरिष्ठ बहन आशा जी ने अपने प्रेरणादायी विचारों से विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के लिए प्रेरित किया। उन्होंने दैनिक जीवन में ध्यान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ध्यान एकाग्रता बढ़ाने, तनाव कम करने तथा जीवन में सफलता प्राप्त करने में सहायक होता है।

बहन आशा जी ने बच्चों एवं युवाओं में बढ़ती नशे संबंधी अवांछनीय लत के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया। विशेष रूप से मोबाइल के लगातार उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए उन्होंने इससे बचने के लिए विद्यार्थियों को व्यावहारिक उपाय एवं तकनीकें बताईं।
विद्यार्थियों में आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से उन्होंने सभी बच्चों को स्वयं को श्रेष्ठ मानने, अच्छे विद्यार्थी बनने तथा एक अच्छे इंसान के रूप में जीवन जीने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने बारे में सदैव सकारात्मक सोच रखने की शपथ ली।
सत्र अत्यंत संवादात्मक एवं प्रभावशाली रहा। विद्यार्थियों ने ध्यान, सकारात्मक सोच और जीवन में अनुशासन से जुड़े विषयों को समझा तथा अपने दैनिक जीवन में इन्हें अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या सुश्री आशी श्रीवास्तव ने ब्रह्माकुमारीज़ टीम के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन शांतिपूर्ण एवं आत्मिक ध्यान-अनुभव के साथ हुआ।


