
रामनगर | शाबाश इंडिया।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रामनगर में 80वां स्वतंत्रता दिवस विभिन्न कार्यक्रमों के साथ हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री धर्मेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि समारोह की मुख्य अतिथि श्रीमती सीमान्तनी लोकेश रहीं, जबकि ध्वजारोहण राजस्थान पब्लिक ट्रस्ट बोर्ड, देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार के पूर्व सदस्य एवं प्रसिद्ध समाजसेवी बसंत जैन बैराठी ने अन्य अतिथियों के साथ किया।

समारोह में भारतीय जैन संगठन के विक्रम जैन, सचिव यश बाफना, मिस इंडिया 2021 वैष्णवी सुथार, मिस इथिरियल राजस्थान फोटोजेनिक एवं अभिनेत्री अंशु शर्मा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार मीणा एवं विद्यालय स्टाफ ने सभी अतिथियों का तिलक, साफा, तिरंगा दुपट्टा एवं माला पहनाकर स्वागत किया।
ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों पर अनेक रंगारंग एवं आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।
ध्वजारोहणकर्ता बसंत जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा विकसित करनी चाहिए। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले तथा परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर टॉप करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। यह कार्यक्रम विश्व प्रसिद्ध लेडीज पर्स एवं गिफ्ट आइटम निर्माता कलांकित कंपनी तथा सरस्वती प्रिंटिंग इंडस्ट्रीज के सहयोग से आयोजित किया गया।
अभिनेत्री वैष्णवी सुथार ने मॉडलिंग एवं फिल्म क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छुक छात्राओं को निःशुल्क प्रशिक्षण एवं अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में देशभक्ति गीतों पर विद्यार्थियों एवं अतिथियों ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया। पूरे समारोह में राष्ट्रप्रेम, उत्साह एवं उल्लास का वातावरण बना रहा।


