
जयपुर | शाबाश इंडिया।
महिला सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए टोंक फाटक स्थित मधुबन कॉलोनी के श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर के आचार्य शांतिसागर सभागार में महिलाओं द्वारा कुटीर एवं गृह उद्योग से निर्मित उत्पादों की दो दिवसीय स्वास्तिक एग्जीबिशन आयोजित की गई। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान जैन युवा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जैन लाला एवं प्रदेश महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा उपस्थित रहे। आयोजक श्रीमती मीनाक्षी जैन सोगानी एवं जिनेश जैन ने अतिथियों का तिलक, माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।
आयोजकों ने बताया कि 13 एवं 14 अगस्त को भाटिया भवन, राजा पार्क, जयपुर में राजस्थान जैन युवा महासभा के सहयोग से स्वास्तिक एग्जीबिशन का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन कर अपने व्यवसाय को नई पहचान दे सकें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन के प्राउड स्पॉन्सर “Mr. रवि चाय, जयपुर” होंगे, जिनके सहयोग से महिला स्वावलंबन के इस अभियान को और अधिक मजबूती मिलेगी।
प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जैन लाला एवं प्रदेश महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ समाज में आत्मनिर्भरता की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने समाजबंधुओं से 13 और 14 अगस्त को अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंचकर महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीदारी करने तथा इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संगिनी फोरम जेएसजी मेट्रो की निवर्तमान अध्यक्ष अंबिका सेठी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अंत में मीनाक्षी सोगानी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।


