Wednesday, August 5, 2026

श्री महावीर कॉलेज में नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए ‘आरम्भ’ ओरिएंटेशन डे का आयोजन

जयपुर | शाबाश इंडिया।

श्री महावीर कॉलेज, जयपुर में बुधवार को नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन के उद्देश्य से ‘आरम्भ’ ओरिएंटेशन डे का भव्य आयोजन महावीर सभा भवन में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास एवं करियर संभावनाओं से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मिस्टिक ब्रेन्स प्रा. लि. के संस्थापक निदेशक विक्रम शर्मा, भारत सरकार के पूर्व वरिष्ठ निदेशक डॉ. रमेश मित्तल, महावीर दिगम्बर जैन शिक्षा परिषद के अध्यक्ष उमरावमल संघी, मानद मंत्री सुनील बख्शी, कोषाध्यक्ष महेश काला, मुख्य समन्वयक प्रो. राजीव जैन, कन्वीनर सीए प्रमोद पाटनी, राजेंद्र बिलाला, विनोद जैन कोटखावदा एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशीष गुप्ता द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का तिलक, माला एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।

मुख्य समन्वयक प्रो. राजीव जैन ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने का संस्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त मंच है।

प्राचार्य डॉ. आशीष गुप्ता ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय के अनुशासन, शैक्षणिक उपलब्धियों, परिसर की सुविधाओं तथा विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने टेक्नो क्लब, स्पोर्ट्स क्लब, कल्चरल क्लब, लिटरेरी क्लब एवं कॉर्पोरेट रिसोर्स क्लब की गतिविधियों से परिचित कराते हुए विद्यार्थियों से इनमें सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि विक्रम शर्मा एवं डॉ. रमेश मित्तल ने विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर सीखने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सफलता केवल ज्ञान से नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से प्राप्त होती है।

महावीर दिगम्बर जैन शिक्षा परिषद के अध्यक्ष उमरावमल संघी ने नवागंतुक विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे महाविद्यालय में बिताए जाने वाले आगामी वर्षों का सदुपयोग करें, अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करें और जीवन में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करें।

कार्यक्रम के अंत में कॉलेज कन्वीनर सीए प्रमोद पाटनी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री महावीर कॉलेज विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सदैव महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा तथा सभी नवागंतुक विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar