जयपुर | शाबाश इंडिया

श्री केसरिया पार्श्वनाथ चेत्यालय के पांचवें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में श्री केसरिया पार्श्वनाथ दिगंबर जैन समाज समिति द्वारा दो दिवसीय वार्षिकोत्सव का आयोजन मुहाना मंडी रोड स्थित श्री बालाजी पैराडाइस में 4 एवं 5 जुलाई 2026 को धूमधाम से किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधर्मी बंधुओं की सहभागिता रहेगी।
समिति के अध्यक्ष अजय गोधा ने बताया कि आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में समाज के प्रतिष्ठित व्यवसायी नितेश जैन एवं सुषमा जैन को आमंत्रित किया गया है। दीप प्रज्वलन समाज के वरिष्ठ सदस्य कैलाश जैन, मनोज जैन एवं मनीष गोधा द्वारा किया जाएगा।
मंत्री विनय जैन एवं कोषाध्यक्ष भूपेंद्र जैन ने बताया कि प्रथम दिन संगीतमय भक्तामर पाठ आदि जैन एंड पार्टी द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें पुण्यार्जक निखिल जैन एवं शैफाली जैन की विशेष उपस्थिति रहेगी। दूसरे दिन अभिषेक एवं शांतिधारा के बाद श्रीजी का नगर भ्रमण कर कार्यक्रम स्थल पर धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसके पश्चात संगीतमय विधान संपन्न होगा।
सांस्कृतिक मंत्री विनीत जैन ने बताया कि कार्यक्रम में सौधर्म इंद्र महावीर कासलीवाल एवं कुबेर इंद्र अशोक छाबड़ा बनने का सौभाग्य प्राप्त करेंगे। वहीं 20 जोड़े एवं लगभग 100 महिलाएं पारंपरिक परिधान में एक जैसी साड़ियों में शोभायात्रा में भाग लेंगी।
कार्यक्रम संयोजक विकास जैन, अश्वनी जैन, कमलेश जैन, हेमंत जैन एवं बिट्टू जैन ने बताया कि यह दो दिवसीय आयोजन समाजिक एकता और धार्मिक आस्था का भव्य संगम होगा।
कार्यकारिणी उपाध्यक्ष नरेन्द्र जैन ने बताया कि 5 जुलाई को कार्यक्रम के समापन पर समाज के लिए वात्सल्य भोज का आयोजन भी किया जाएगा।
संस्थापक अध्यक्ष महावीर कासलीवाल ने बताया कि पुण्यार्जक परिवारों अजय गोधा, सतीश जैन, आलोक जैन एवं विजय छाबड़ा के सहयोग से आयोजन को और भव्य बनाया जा रहा है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शहर के अनेक प्रतिष्ठित एवं जैन समाज के वरिष्ठ सदस्य इस ऐतिहासिक आयोजन में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाने के लिए समिति एवं समाज के सभी सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।


