Friday, July 3, 2026

गौ सेवा और नशामुक्ति के संकल्प के साथ पांच दिवसीय जन-जागरण अभियान का समापन

नवापारा-राजिम | शाबाश इंडिया

नवापारा-राजिम क्षेत्र के ग्राम पंचायत तर्री में पांच दिवसीय ‘गौ आह्वान सम्मान हस्ताक्षर अभियान’ एवं ‘गांव-गांव गौ ग्राम जन-जागरण यात्रा’ का भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में गौ संरक्षण, नशामुक्ति और प्रत्येक परिवार द्वारा गौ पालन को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन रवि शंकर साहू ने किया। इस अवसर पर श्री गोपाल गौशाला के उपाध्यक्ष प्रफुल्ल दुबे एवं जनपद सदस्य प्रतिनिधि संतोष मिश्रा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि गाय से प्राप्त दूध, गोबर एवं गौमूत्र किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं तथा गौ पालन से जैविक खेती और आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा मिलता है।

वक्ताओं ने समाज को नशामुक्त बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ और संस्कारित समाज के निर्माण के लिए नशे का त्याग कर गौ सेवा को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक परिवार से कम से कम एक गाय पालने का संकल्प लेने की अपील की।

अभियान का संचालन तहसील प्रभारी रूपेंद्र चंद्राकर के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने गौ सम्मान हस्ताक्षर अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जुड़ने और गौ संरक्षण के इस जनआंदोलन में सहयोग करने की अपील की।

समापन अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने गौ संरक्षण, नशामुक्ति तथा प्रत्येक घर में गौ पालन को बढ़ावा देने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में ग्राम सरपंच प्रतिनिधि लखन सिन्हा ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पूर्व सरपंच गोल्डी वर्मा, गौ सेवक बादल देवांगन, सुंदर सिंह ठाकुर, मुन्ना यादव, रवि साहू, डॉ. टीकम वर्मा, टोमन सतनामी, प्यारेलाल देवांगन, शांति बाई साहू, सरोज साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar