जयपुर | शाबाश इंडिया

पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से एलीट किटी ग्रुप के सदस्यों ने पौधारोपण अभियान चलाकर पौधों को केवल लगाने ही नहीं, बल्कि उन्हें जीवित रखने का भी संकल्प लिया। अभियान में ग्रुप से जुड़े करीब 100 सदस्यों एवं उनके परिजनों ने भाग लिया।
ग्रुप के प्रमोद गुप्ता ने बताया कि इस अवसर पर आम, जामुन और बादाम सहित विभिन्न फलदार पौधों का वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करना है।
सुनील खंडेलवाल ने बताया कि ग्रुप के लगभग 100 सदस्य अपने-अपने स्तर पर एक-एक पौधा लगाएंगे तथा उसकी नियमित सिंचाई और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएंगे, ताकि पौधे वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।
रेनू गुप्ता एवं रमेश गुप्ता ने स्वर्गीय चिरंजीलाल गुप्ता की स्मृति में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी विभिन्न संस्थाओं को निशुल्क पौधे उपलब्ध कराए। रेनू गुप्ता ने कहा कि फलदार पौधे लगाने से पर्यावरण को ऑक्सीजन मिलने के साथ-साथ फलों का उत्पादन भी बढ़ता है, जिससे प्रकृति और समाज दोनों को लाभ होता है।
इस अवसर पर गीता गुप्ता, रश्मि जैन, मनु जैन, भारत आभा गुप्ता, दिनेश खंडेलवाल, सुनीता खंडेलवाल, राजू गुप्ता, शोभा गुप्ता, ब्रजेश खंडेलवाल एवं सुधा खंडेलवाल सहित अन्य सदस्यों ने पौधे ग्रहण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।


