
कोटा। शाबाश इंडिया।
अंतरराष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर हिन्द मजदूर सभा (एचएमएस) से संबद्ध थर्मल ठेकेदार वर्कर्स यूनियन की ओर से कोटा थर्मल परिसर स्थित ईएसआई डिस्पेंसरी के चिकित्सकों का सम्मान किया गया। यूनियन अध्यक्ष आज़ाद शेरवानी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सकों की मानव सेवा के प्रति समर्पित भावना की सराहना करते हुए उनका माल्यार्पण एवं मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया गया।
इस दौरान डॉ. ज्योत्सना गुप्ता, डॉ. देवेन्द्र झालानी, डॉ. सारिया मदनी, डॉ. प्रीति शर्मा एवं डॉ. निशित गुप्ता का सम्मान किया गया।
एचएमएस के प्रदेश सचिव एवं यूनियन अध्यक्ष आज़ाद शेरवानी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय चिकित्सक दिवस का उद्देश्य समाज के प्रति डॉक्टरों के अमूल्य योगदान का सम्मान करना है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों को भगवान का दूसरा रूप माना जाता है, क्योंकि वे अपने ज्ञान और सेवा भाव से लोगों को बीमारी से उबारकर नया जीवन प्रदान करते हैं। समाज के लिए चिकित्सकों की सेवा किसी वरदान से कम नहीं है।
सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए चिकित्सकों ने डॉक्टर्स डे के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारत में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस वर्ष 1991 से प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई को महान चिकित्सक एवं पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र रॉय की जयंती पर मनाया जाता है। चिकित्सा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से इस दिवस की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में यूनियन महासचिव बद्रीलाल शर्मा, महावीर शर्मा, शिवकुमार शर्मा, जगदीश मेहरा, राजेन्द्र बुनकर, बिरधीलाल नागर, पप्पू खान, सुनील सैनी सहित यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं ईएसआई डिस्पेंसरी के स्टाफ में ओमप्रकाश सोनी, मनीष पाल, गायत्री कुमारी, लिसी मोले, महाश्वेता मौलिक, कुलदीप सिंह गुर्जर, लाड़बाई एवं मोहनी बाई सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।


