
शाबाश इंडिया | अजमेर।
सेवा और मानवता के क्षेत्र में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहे लायंस क्लब अजमेर आस्था की प्रेरणा से एक और प्रेरणादायक नेत्रदान संपन्न हुआ। यह नेत्रदान लायन्स्टिक वर्ष 2025-26 के दौरान क्लब का आठवां नेत्रदान है।
क्लब अध्यक्ष लायन मुकेश कर्णावट के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से शास्त्री नगर, अजमेर निवासी स्वर्गीय श्री महेंद्र सेवदा (सुपुत्र स्व. श्री मोतीलाल जी सेवदा) के निधन उपरांत उनके परिजनों की सहमति से नेत्रदान कराया गया।
आई बैंक सोसायटी के श्री भरत कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने दोनों कॉर्निया सुरक्षित रूप से संग्रहित कर आई बैंक में जमा कराए। इन कॉर्निया के प्रत्यारोपण से दो नेत्रहीन व्यक्तियों को दृष्टि प्राप्त होने की संभावना है, जिससे उनके जीवन में नई रोशनी का संचार होगा।
क्लब अध्यक्ष लायन मुकेश कर्णावट ने सेवदा परिवार के इस अनुकरणीय एवं मानवतावादी निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि “नेत्रदान महादान है”। उन्होंने कहा कि मरणोपरांत किया गया यह दान किसी के जीवन में उजाला भरने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने अपील की कि समाज के अधिक से अधिक लोग नेत्रदान के लिए आगे आएं।
क्लब के जनसंपर्क अधिकारी लायन अतुल पाटनी ने बताया कि लायन्स्टिक वर्ष 2025-26 में लायंस क्लब अजमेर आस्था द्वारा आई बैंक सोसायटी के सहयोग से अब तक आठ जोड़ी कॉर्निया दान कराए जा चुके हैं। क्लब भविष्य में भी नेत्रदान जागरूकता अभियान एवं मानव सेवा के कार्यों को निरंतर गति देता रहेगा।
इस अवसर पर सेवदा परिवार के सदस्यों ने भी नेत्रदान के महत्व को स्वीकार करते हुए समाज से इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील की।


