Tuesday, June 30, 2026

लोनावला के विला में भीनमाल मेटल मार्केट का स्नेह मिलन, ढोल-नगाड़ों और मारवाड़ी व्यंजनों से सजी दो दिवसीय मस्ती

मुंबई की भागदौड़ से दूर व्यापारियों ने वीकेंड पर लिया मनोरंजन और आपसी सौहार्द का आनंद

मुंबई (मुकेश सोलंकी)। शाबाश इंडिया।

मुंबई की व्यस्त जीवनशैली और भागदौड़ से कुछ सुकून भरे पल निकालकर भीनमाल मेटल मार्केट के सदस्यों ने लोनावला के एक निजी हाईटेक विला में दो दिवसीय स्नेह मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान सभी सदस्य व्यापारिक तनाव को पीछे छोड़कर मनोरंजन, सौहार्द और उत्साह के माहौल में पूरी तरह रंगे नजर आए।

शनिवार सुबह जैसे ही सदस्य लोनावला स्थित विला में पहुंचे, उनका पारंपरिक अंदाज में भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप, पुष्प वर्षा, तिलक एवं माल्यार्पण के साथ स्वागत किया गया। स्वागत के रूप में परोसे गए जूस और आतिथ्य सत्कार ने यात्रा की थकान को पलभर में दूर कर दिया।

इसके बाद कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक मारवाड़ी व्यंजनों के शाही भोज से हुई। भोजन के पश्चात विला के स्विमिंग पूल में पूल पार्टी का आयोजन किया गया, जहां सदस्यों ने डीजे की धुनों पर जमकर आनंद लिया। वॉलीबॉल खेल और पानी की मस्ती के बीच सभी ने अपने बचपन की यादों को ताज़ा किया।

शनिवार रात को फिल्मी गीतों की एक संगीतमय शाम सजी, जिसमें सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक नृत्य कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस दौरान मंच संचालन विक्रम दोशी द्वारा किया गया, जिनके प्रभावशाली संचालन ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। सभी सदस्यों का सामूहिक फोटो भी लिया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में दिनेश सालेचा, मुकेश दोशी, विक्रम दोशी, दिनेश मेहता, चेतन दोशी, नीरज बाफना, हितेश संघवी एवं विक्की बाफना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के सुचारू संचालन के लिए चेतन दोशी एवं नीरज बाफना का विशेष आभार व्यक्त किया गया।

सदस्यों ने इस अवसर पर कहा कि व्यस्त जीवनशैली के बीच ऐसे स्नेह मिलन कार्यक्रम आपसी संबंधों को मजबूत करते हैं और नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।

रविवार शाम को सभी सदस्य सुखद स्मृतियों, हंसी-मजाक और यादगार पलों के साथ अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar