शिक्षा एवं समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए उपमुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

ब्यावर/जयपुर। शाबाश इंडिया।
राजस्थान सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 30वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन जयपुर में सम्पन्न हुआ। समारोह का उद्देश्य शिक्षा, समाजसेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले भामाशाहों एवं शिक्षाविदों को सम्मानित कर सेवा और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
समारोह के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति, ब्यावर के अध्यक्ष, प्रमुख उद्योगपति एवं समाजसेवी सुनील खेतपालिया को उनके शिक्षा एवं समाजसेवा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर खेतपालिया के कार्यों की सराहना की। उनके नेतृत्व में संस्था द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आधुनिक शैक्षणिक नवाचारों तथा सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को विशेष रूप से उल्लेखनीय बताया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य सचिव (शिक्षा) आईएएस राजेश यादव, विशेष सचिव आईएएस विश्व मोहन शर्मा, राज्य परियोजना निदेशक एवं समग्र शिक्षा आयुक्त आईएएस डॉ. रश्मि शर्मा, माध्यमिक शिक्षा निदेशक आईएएस सीताराम जाट सहित प्रदेशभर से आए शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
समारोह में दानवीर भामाशाह प्रवीण चंदन को भी शिक्षा क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की सहायता, शैक्षणिक संस्थानों के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं सामाजिक कार्यों में उनकी भूमिका को प्रेरणादायी बताया गया।
सुनील खेतपालिया को शिक्षा, चिकित्सा एवं गौ सेवा के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने वाला समाजसेवी बताते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत कहा गया। उनके नेतृत्व में श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति ने शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व को भी प्राथमिकता दी है, जिससे हजारों विद्यार्थियों एवं जरूरतमंद परिवारों को लाभ प्राप्त हुआ है।
समिति के उपाध्यक्ष ज्ञानचंद बिनायकिया, मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख, सहमंत्री सुनील ओस्तवाल, कोषाध्यक्ष देवराज लोधा, प्रचार मंत्री महेन्द्र सांखला सहित समस्त पदाधिकारियों, सदस्यों एवं प्राचार्य ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।


