
15 नवंबर : सप्तम समाधि स्मृति दिवस पर विशेष आलेख
भारतीय जैन संत परंपरा में कुछ आचार्य ऐसे हुए हैं, जिन्होंने आत्मकल्याण की साधना के साथ समाज के सर्वांगीण विकास को भी अपनी साधना का महत्वपूर्ण अंग बनाया। सराकोद्धारक आचार्य श्री 108 ज्ञानसागर जी महाराज (छाणी) ऐसे ही दूरदर्शी संत थे। उनका चिंतन केवल धार्मिक प्रवचनों और आध्यात्मिक जागरण तक सीमित नहीं था, बल्कि वे शिक्षा, प्रतिभा, व्यवसाय, विज्ञान, प्रशासन और सामाजिक संगठन के माध्यम से जैन समाज को नई पहचान दिलाना चाहते थे।
15 नवंबर 2020 को राजस्थान के बारां में आचार्यश्री ने समाधिमरण किया। 15 नवंबर 2026 को उनका सप्तम समाधि स्मृति दिवस है। इस अवसर पर उनके बहुआयामी व्यक्तित्व और विशेष रूप से जैन प्रोफेशनल्स को संगठित करने के उनके दूरदर्शी चिंतन का स्मरण अत्यंत प्रासंगिक है।
जैन प्रोफेशनल्स को संगठित करने की दूरदर्शी परिकल्पना
आचार्यश्री की एक महत्वपूर्ण सोच थी कि जैन समाज में डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कंपनी सेक्रेटरी, बैंक अधिकारी, न्यायाधीश, अधिवक्ता, प्रशासनिक अधिकारी, वैज्ञानिक एवं अन्य उच्च शिक्षित प्रतिभाएं बड़ी संख्या में हैं। आवश्यकता है कि इन सभी को एक मंच पर लाकर उनकी व्यावसायिक दक्षता को धर्म प्रभावना, समाजोत्थान और राष्ट्र निर्माण से जोड़ा जाए।
उनका मानना था कि यदि समाज की शिक्षित एवं सक्षम प्रतिभाएं संगठित होकर कार्य करें, तो अहिंसा, शाकाहार, अपरिग्रह, नैतिकता और जैन संस्कृति के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा सकता है।
इसी चिंतन को मूर्त रूप देने के लिए उनके मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से विभिन्न व्यावसायिक संगठनों और फाउंडेशनों को प्रोत्साहन मिला। डॉक्टर फाउंडेशन, सीए फाउंडेशन, सीएस फाउंडेशन, इंजीनियर्स फोरम, बैंकर्स फोरम, जज एवं एडवोकेट फाउंडेशन तथा आईएएस-आईपीएस फाउंडेशन जैसी संस्थागत पहलों ने जैन प्रोफेशनल्स को साझा मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह केवल व्यावसायिक लोगों का एकत्रीकरण नहीं था, बल्कि अपनी प्रतिभा, संसाधन और अनुभव को समाज एवं धर्म के लिए समर्पित करने का व्यापक अभियान था।
अखिल भारतीय जैन बैंकर्स फोरम : संगठनात्मक चिंतन का सशक्त उदाहरण
आचार्यश्री की प्रेरणा से विकसित जैन प्रोफेशनल्स की संस्थाओं में 27 जून 2013 को गठित अखिल भारतीय जैन बैंकर्स फोरम का विशेष स्थान है। देशभर के विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों में कार्यरत जैन अधिकारियों और कर्मचारियों को एक मंच पर लाने की यह पहल आज संगठनात्मक एकता का उल्लेखनीय उदाहरण बन रही है।
फोरम के माध्यम से बैंकिंग क्षेत्र में कार्यरत जैन बंधुओं के बीच परस्पर परिचय, सहयोग, प्रतिभा संवर्धन, धार्मिक जागरूकता तथा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की भावना को प्रोत्साहन मिला है।
इस संगठन से मेरा स्वयं का लगभग आठ वर्षों से सक्रिय जुड़ाव रहा है। उल्लेखनीय है कि 7 अक्टूबर 2018 को गठित जयपुर इकाई ने देश की बड़ी इकाइयों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
इस प्रत्यक्ष अनुभव के आधार पर कहा जा सकता है कि आचार्यश्री ने जिस संगठनात्मक बीज का रोपण किया था, वह आज विभिन्न शहरों में सक्रिय सहभागिता और सामाजिक सरोकारों के रूप में विकसित हो रहा है। यह उनके विचारों की दूरदर्शिता और प्रेरणा की सार्थकता का परिचायक है।
आचार्यश्री के सान्निध्य में झाझीरामपुरा एवं बसवा में आयोजित पंचकल्याणक महोत्सवों में बैंकिंग विषय पर चिंतन, दौसा जेल में प्रवचन, जयपुर में बैंकिंग समस्याओं के समाधान के लिए क्षेत्रवार व्यवस्थाएं, जनकपुरी मंदिर में प्रवास के दौरान अल्पसंख्यक परिलाभों का प्रसार, पदमपुरा में वृहद सम्मेलन तथा जहाजपुर में ऐतिहासिक पंचकल्याणक सहित अनेक आयोजन आज भी स्मरणीय हैं।
तीर्थंकर आदिनाथ एजुकेशनल ट्रस्ट : शिक्षा और समाजोत्थान की महत्वपूर्ण पहल
अखिल भारतीय जैन बैंकर्स फोरम के संगठनात्मक चिंतन का एक महत्वपूर्ण परिणाम तीर्थंकर आदिनाथ एजुकेशनल ट्रस्ट का गठन भी है।
27 अक्टूबर 2013 को आचार्यश्री के सान्निध्य में आयोजित अखिल भारतीय जैन बैंकर्स के राष्ट्रीय सम्मेलन में शिक्षा के क्षेत्र में संगठित प्रयास करने का निर्णय लिया गया। इसी निर्णय को आगे बढ़ाते हुए 1 जनवरी 2014 को तीर्थंकर आदिनाथ एजुकेशनल ट्रस्ट का गठन हुआ।
अखिल भारतीय जैन बैंकर्स फोरम और तीर्थंकर आदिनाथ एजुकेशनल ट्रस्ट, आचार्यश्री की उस दूरदर्शी सोच के दो महत्वपूर्ण आयाम हैं, जिनमें व्यावसायिक दक्षता को शिक्षा, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ा गया।
इंजीनियर्स फोरम : तकनीकी प्रतिभा का सामाजिक उपयोग
इसी क्रम में जैन इंजीनियर्स फोरम भी सराहनीय कार्य कर रहा है। इंजीनियरिंग क्षेत्र से जुड़े जैन प्रोफेशनल्स को एकजुट कर तकनीकी ज्ञान, अनुभव, नवाचार और सामाजिक सहयोग को प्रोत्साहित करना इस मंच की महत्वपूर्ण दिशा है।
जयपुर के ई. प्रेम चंद जैन छाबड़ा जी इस फोरम के प्रमुख पदाधिकारियों में शामिल हैं और संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
ऐसे मंच आचार्यश्री की उस परिकल्पना को आगे बढ़ाते हैं, जिसमें प्रत्येक पेशेवर अपनी योग्यता को समाज की सामूहिक शक्ति बनाने का माध्यम समझे।
ज्ञानसागर साइंस फाउंडेशन : विज्ञान और अध्यात्म का समन्वय
आचार्यश्री के चिंतन का एक महत्वपूर्ण पक्ष विज्ञान और अध्यात्म के बीच समन्वय स्थापित करना भी था। इसी दृष्टि से ज्ञानसागर साइंस फाउंडेशन की स्थापना हुई।
इसका उद्देश्य विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों और समाज के बीच संवाद स्थापित करना तथा प्राचीन वैज्ञानिक ज्ञान को आधुनिक संदर्भों में समझकर जनकल्याण के लिए उपयोगी बनाना है।
सराक समाज के उत्थान में ऐतिहासिक योगदान
आचार्यश्री को ‘सराकोद्धारक’ की उपाधि सराक समाज के उत्थान के लिए किए गए उनके उल्लेखनीय कार्यों के कारण मिली।
झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवासरत सराक बंधुओं की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक पहचान को सुदृढ़ करने के लिए उन्होंने विशेष प्रयास किए। शिक्षा, धार्मिक संस्कार, सामाजिक जागरूकता और संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से उन्हें जैन समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया। सराक समाज के बीच उन्हीं जैसी परिस्थितियों में रहकर प्रवास करना और लोगों को जोड़ना आचार्यश्री की कार्यशैली का सशक्त उदाहरण था।
उनकी प्रेरणा से शिक्षा केंद्र, सिलाई केंद्र और प्रशिक्षण गतिविधियों को प्रोत्साहन मिला। महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की दिशा में भी प्रयास हुए।
जिनवाणी संरक्षण और साहित्य संवर्धन
आचार्यश्री का साहित्य एवं स्वाध्याय के प्रति विशेष अनुराग था। वे मानते थे कि समाज की वास्तविक समृद्धि उसके ज्ञान, संस्कार और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में निहित है।
संस्कृति संरक्षण संस्थान, श्रुत संवर्धन संस्थान मेरठ, प्राच्य श्रमण भारती मुजफ्फरनगर तथा आचार्य शांतिसागर छाणी ग्रंथमाला जैसी संस्थाओं के माध्यम से जैन साहित्य के प्रकाशन, प्राचीन ग्रंथों के संरक्षण तथा जिनवाणी के प्रचार-प्रसार को प्रोत्साहन मिला।
उनका प्रयास था कि जैन दर्शन का ज्ञान केवल मुनियों और विद्वानों तक सीमित न रहे, बल्कि सामान्य श्रावक, युवा और विद्यार्थी भी उससे लाभान्वित हों।
जीवन परिचय एवं आध्यात्मिक यात्रा
आचार्यश्री का जन्म 1 मई 1957 को मध्यप्रदेश के मुरैना में श्री शांतिलाल जी जैन एवं श्रीमती अशर्फी देवी जी जैन के परिवार में हुआ। उनका गृहस्थ जीवन का नाम उमेश कुमार जैन था।
5 नवंबर 1976 को सोनागिर जी में उन्होंने क्षुल्लक दीक्षा ग्रहण की। इसके पश्चात 31 मार्च 1988 को आचार्य श्री 108 सुमतिसागर जी महाराज के सान्निध्य में सोनागिर जी में मुनि दीक्षा प्राप्त की।
वर्ष 1989 में उन्हें उपाध्याय पद तथा 27 मई 2013 को बड़ागांव में आचार्य पद प्रतिष्ठित हुआ। वे आचार्य शांतिसागर जी महाराज (छाणी) की परंपरा के षष्ठ पट्टाचार्य बने।
15 नवंबर 2020 को राजस्थान के बारां में उन्होंने समाधिमरण किया।
आचार्यश्री की दूरदृष्टि आज भी समाज को दिशा दे रही है
आज जैन समाज के विभिन्न व्यावसायिक संगठन, बैंकर्स फोरम, इंजीनियर्स फोरम तथा अन्य प्रोफेशनल मंच जिस प्रकार अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय हैं, वे आचार्यश्री के चिंतन की प्रासंगिकता को रेखांकित करते हैं।
आचार्यश्री का जीवन हमें तीन महत्वपूर्ण प्रेरणाएं देता है—ज्ञान को संस्कारों से जोड़ें, प्रतिभा को संगठन से जोड़ें और संगठन को समाज एवं धर्म की सेवा से जोड़ें।
ऐसे त्यागमूर्ति, तपोनिधि, सराकोद्धारक, साहित्य मनीषी एवं जैन समाज के दूरदर्शी मार्गदर्शक आचार्य श्री 108 ज्ञानसागर जी महाराज के सप्तम समाधि स्मृति दिवस पर उनके श्रीचरणों में विनयांजलि एवं शत-शत नमन।
विनयांजलि! श्रद्धांजलि! शत-शत नमन!
लेखक : पदम जैन बिलाला
कार्याध्यक्ष, अखिल भारतीय जैन बैंकर्स फोरम, जयपुर इकाई


