
दो दिवसीय ओरिएंटेशन एवं कैपेसिटी-बिल्डिंग कार्यक्रम में मर्म बिंदुओं की पहचान, चिकित्सीय महत्व और रोगी सुरक्षा पर हुई चर्चा
जयपुर (शाबाश इंडिया)। राजस्थान सरकार के आयुर्वेद विभाग एवं राष्ट्रीय आयुष मिशन, राजस्थान के तत्वावधान में आरटीडीसी होटल गणगौर, जयपुर में दो दिवसीय ओरिएंटेशन एवं कैपेसिटी-बिल्डिंग ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें आयुष चिकित्सकों एवं कर्मियों के ज्ञानवर्धन और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान मर्म चिकित्सा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।
कार्यक्रम में मर्म चिकित्सा के मूलभूत सिद्धांतों एवं चिकित्सीय महत्व, मर्म बिंदुओं की पहचान, वर्गीकरण, शारीरिक संरचना की समझ, क्लिनिकल संकेत, निषेध एवं सावधानियों तथा सुरक्षित और उपयुक्त चिकित्सीय तकनीकों के प्रदर्शन पर विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में कार्यक्रम समन्वयक डॉ. नितिन गोयल ने मर्म चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. पीयूष त्रिवेदी का विशेष सत्र आयोजित कराया। इसमें बड़ी संख्या में आयुर्वेद चिकित्सकों ने भाग लिया।
डॉ. पीयूष त्रिवेदी ने प्रतिभागियों को मर्म चिकित्सा के विभिन्न पहलुओं और उसके पारंपरिक सिद्धांतों से अवगत कराया। उन्होंने आयुर्वेद के ग्रंथों एवं संहिताओं में वर्णित मर्म चिकित्सा के महत्व को विस्तार से समझाया। साथ ही, वैकल्पिक चिकित्सा पद्धति के रूप में इसके उपयोग और चिकित्सीय संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. त्रिवेदी ने कुछ व्यावहारिक अभ्यास भी कराए। आयोजकों के अनुसार, इन अभ्यासों के दौरान मौके पर मौजूद एक रोगी को लाभ महसूस हुआ, जिससे प्रतिभागियों में उत्साह देखने को मिला।
उल्लेखनीय है कि डॉ. पीयूष त्रिवेदी पिछले 35 वर्षों से मर्म चिकित्सा के क्षेत्र में प्रशिक्षण एवं चिकित्सा कार्य कर रहे हैं।
प्रशिक्षण सत्रों में क्लिनिकल प्रैक्टिस के दौरान मर्म चिकित्सा के उचित उपयोग और रोगी सुरक्षा पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुरक्षित बनाया जा सके।


